TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में लूट गिरोह का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद
Aligarh News: अकराबाद पुलिस ने राहगीर से लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। 30 हजार रुपये, हथियार और दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
अलीगढ़ में लूट गिरोह का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार, नकदी और बाइक बरामद (Photo- Newstrack)
Aligarh News: अकराबाद थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर राहगीर से लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 30 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने लूट कांड के पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को आरोपियों ने एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर तमंचे के बल पर उससे नकदी लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना अकराबाद में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई। लगातार की गई जांच, मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपियों को थाना क्षेत्र अकराबाद से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू, चन्द्रपाल उर्फ चंदू, लखन उर्फ भोला, गोविन्द उर्फ भोले तथा शिवम उर्फ पोती के रूप में हुई है। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) एवं 317(2) तथा 3/4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी गोविन्द उर्फ भोले पहले से भी कई आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ अतरौली और अकराबाद थानों में लूट एवं अन्य गंभीर धाराओं के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित साथियों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
बरामदगी में लूट के 30 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से गिरोह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने में सफलता मिली है।
पुलिस ने बताया
अकराबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और आमजन की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


