Aligarh News: शिल्प ग्राम में 10 दिवसीय खादी और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ

Aligarh News: अलीगढ़ के शिल्प ग्राम में 10 दिवसीय खादी व माटी कला प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ, जहां 20 जनपदों के 85 शिल्पकारों ने अपने स्टॉल लगाए हैं। (

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 Nov 2026 6:15 PM IST
Aligarh News: शिल्प ग्राम में 10 दिवसीय खादी और हस्तशिल्प प्रदर्शनी का शुभारंभ
X

Aligarh News:-शिल्प ग्राम में शुक्रवार को 10 दिवसीय खादी ग्रामोद्योग एवं माटी कला प्रदर्शनी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती विजय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि रजनी दिलेर ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में प्रदेश के 20 जनपदों से आए 85 दुकानदारों और शिल्पकारों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां खादी वस्त्र, पारंपरिक हस्तशिल्प, माटी कला और ग्रामीण उद्योगों से जुड़े उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

मुख्य अतिथि श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग केवल रोजगार उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और स्थानीय कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त जरिया है। ऐसी प्रदर्शनियों के माध्यम से छोटे उद्यमियों और पारंपरिक शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिल सकती है।

विशिष्ट अतिथि रजनी दिलेर ने कहा कि खादी और माटी कला भारतीय संस्कृति, परंपरा तथा हुनर की पहचान हैं। इस प्रकार के आयोजनों से कारीगरों को प्रोत्साहन मिलता है और उनकी कला को नई पहचान मिलती है। उन्होंने आमजन से प्रदर्शनी में पहुंचकर स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने और कारीगरों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। नन्हीं कलाकार पलक और सोनिका ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजीदा बेगम ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन ममता राजपूत ने किया।

प्रदर्शनी में विभिन्न जनपदों से आए दुकानदारों एवं शिल्पकारों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। दस दिवसीय आयोजन में लोगों को खादी के कपड़ों, मिट्टी से बने कलात्मक उत्पादों, हस्तशिल्प और ग्रामोद्योग से जुड़े सामानों की खरीदारी का अवसर मिलेगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना, स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना और पारंपरिक कारीगरों की आजीविका को मजबूत करना है।

इस अवसर पर सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, क्षेत्रीय निदेशक इग्नू डॉ. अजय वर्धन आचार्य, सर्वोदय खादी आश्रम से आसित, खादी संस्थान मंत्री हर्षित, जनसेवा आश्रम से एसके शर्मा, डॉ. इंद्रा अग्रवाल, डॉ. योगेंद्र सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक सिंह, संदीप कुमार, दिनेश शर्मा, संतोष कुमार शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story