TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ कृषि विभाग को मिले 41 नए प्राविधिक सहायक, योगी सरकार ने दिया नियुक्ति का तोहफा
Aligarh News: अलीगढ़ कृषि विभाग को 41 नए प्राविधिक सहायक मिले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरित किए, जबकि अलीगढ़ में भी नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार देने और खेती को तकनीक का साथ देने के लिए एक साथ दोहरा दांव चला है। मंगलवार को प्रदेश के 3,446 प्राविधिक सहायकों के साथ अलीगढ़ के 41 युवाओं के जीवन में भी नई सुबह आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) से चयनित प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण अलीगढ़ के विकास भवन सभागार में किया गया। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लखनऊ में आयोजित समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। प्रसारण के बाद जिले के 41 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को स्थानीय स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि किसानों के जीवन में बदलाव लाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नवचयनित कार्मिक जब खेत और किसान से जुड़ेंगे, तो प्रदेश की कृषि व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने सभी युवाओं से ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने नवचयनितों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी सेवा नौकरी से बढ़कर जनसेवा है। अलीगढ़ एक कृषि प्रधान जनपद है। यहां प्राविधिक सहायकों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय पर और गुणवत्तापूर्ण समाधान ही विभाग की असली सफलता होगी। सभी कार्मिक किसानों के साथ सम्मान और संवेदनशीलता के साथ पेश आएं तथा सरकार की योजनाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाएं।उप कृषि निदेशक चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि जिले में कुल 41 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। इनकी तैनाती से विभाग के फील्ड कार्यों में तेजी आएगी। किसान अब अपनी फसल, बीज, खाद, कीट प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी के लिए आसानी से संपर्क कर सकेंगे। नियुक्ति पत्र पाते ही युवाओं के चेहरों पर उत्साह और नई जिम्मेदारी का भाव साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक (कृषि रक्षा) सतीश मलिक, उप कृषि निदेशक (शोध) प्रमोद कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह चौधरी सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित ये युवा विभाग में नई ऊर्जा भरेंगे और किसानों तक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाएंगे।


