अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 30 नवंबर तक ईपीडीएस पर डेटा फ्रीज करने के निर्देश

Aligarh News: विधानसभा चुनाव-2027 के लिए विकास भवन में नोडल अधिकारियों और कर्मचारियों को ईपीडीएस पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा फीडिंग और सत्यापन का प्रशिक्षण दिया गया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Nov 2026 7:55 PM IST
अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, 30 नवंबर तक ईपीडीएस पर डेटा फ्रीज करने के निर्देश
X

Aligarh News:आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों का डाटा संकलन एवं सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकास भवन सभागार में ईपीडीएस पोर्टल पर कार्मिकों का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने के संबंध में नोडल अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशासन ने सभी विभागों को 30 नवंबर 2026 तक डेटा फ्रीज करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशिक्षण के दौरान एनआईसी के अधिकारियों स्वर्णिमा तिवारी एवं विनोद कुमार ने ईपीडीएस पोर्टल पर अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं सेवा संबंधी जानकारी ऑनलाइन फीड करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर दर्ज किए जाने वाले प्रत्येक विवरण को सावधानीपूर्वक भरना जरूरी है, ताकि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि या परेशानी न हो।

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि डाटा फीडिंग के बाद सभी जानकारियों का भली-भांति मिलान किया जाए। नाम, पद, विभाग, व्यक्तिगत विवरण और सेवा संबंधी सूचनाओं में किसी भी प्रकार की गलती नहीं रहनी चाहिए। डाटा सत्यापन के बाद उसे फ्रीज किया जाएगा। इसके पश्चात घोषणापत्र का प्रिंट निकालकर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने हस्ताक्षर करेंगे और हस्ताक्षरित घोषणापत्र एनआईसी को उपलब्ध कराएंगे।

30 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक योगेंद्र कुमार के निर्देशों के क्रम में सभी संबंधित नोडल अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दशा में 30 नवंबर 2026 तक डेटा फ्रीज करने की कार्यवाही पूरी कर ली जाए, जिससे संकलित एवं सत्यापित विवरण समय से निर्वाचन कार्यालय को भेजे जा सकें।

निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को समयबद्धता के साथ कार्य करने तथा डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, बैंक एवं एलआईसी के प्रतिनिधि और डाटा ऑपरेटर उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्वाचन तैयारियों में जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने के निर्देश दिए गए।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story