TRENDING TAGS :
Aligarh News: ऑटो व्हीकल्स फिटनेस सेंटर पर कार्रवाई की तैयारी, लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति
Aligarh News: अलीगढ़ के इगलास रोड स्थित ऑटो व्हीकल्स फिटनेस सेंटर के खिलाफ जांच में अनियमितताएं सामने आने के बाद लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। जिलाधिकारी के माध्यम से जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
Aligarh News: इगलास रोड स्थित अलीगढ़ ऑटो व्हीकल्स फिटनेस सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। फिटनेस जांच में अनियमितताओं और निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायतों की जांच में खामियां पाए जाने के बाद सेंटर का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है। जांच समिति की रिपोर्ट जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेज दी गई है। अब इस मामले में अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया जाएगा।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सत्येंद्र कुमार माथुर ने बताया कि सेंटर के खिलाफ विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि सेंटर पर व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच में अनियमितताएं बरती जा रही हैं और सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली जा रही है।शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए एक समिति गठित की थी। इस समिति में नगर मजिस्ट्रेट और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) को शामिल किया गया था। समिति ने सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया, अभिलेखों की जांच की और शिकायतकर्ताओं के बयान भी दर्ज किए।जांच के दौरान कई खामियां सामने आईं। इसके बाद जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी। रिपोर्ट में सेंटर का लाइसेंस निरस्त करने की स्पष्ट संस्तुति की गई है। इसके बाद अलीगढ़ के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सेंटर के खिलाफ कार्रवाई के लिए जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
गौरतलब है कि फिटनेस सेंटरों पर व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। वाहनों की फिटनेस सही नहीं होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद सेंटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं।परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिटनेस जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले सेंटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर से लिया जाना है।इस मामले के सामने आने के बाद अन्य फिटनेस सेंटरों में भी हलचल है। विभाग अन्य सेंटरों की जांच कराने की तैयारी में है, ताकि फिटनेस जांच की प्रक्रिया को पारदर्शी और नियमानुसार बनाया जा सके।


