Aligarh News: खेरेश्वर चौराहे पर बालाजी मंदिर हटाने का विरोध, करणी सेना और स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

Aligarh News: अलीगढ़ के खेरेश्वर चौराहे स्थित प्राचीन श्री बालाजी मंदिर को हटाने की आशंका के विरोध में करणी सेना और स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 May 2026 4:37 PM IST
Aligarh News: खेरेश्वर चौराहे पर बालाजी मंदिर हटाने का विरोध, करणी सेना और स्थानीय लोगों का प्रदर्शन
X

Aligarh News

Aligarh News: अलीगढ़ के खेरेश्वर चौराहा स्थित प्राचीन श्री बालाजी मंदिर को हटाने की कार्रवाई को लेकर रविवार को क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा मंदिर तोड़े जाने की आशंका के विरोध में क्षत्रिय करणी सेना और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और NHAI के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंदिर को किसी भी कीमत पर न हटाने की मांग की।मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि विकास कार्यों के नाम पर धार्मिक आस्था के केंद्रों को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। लोगों ने मांग की कि सड़क निर्माण या पुल निर्माण की योजना इस प्रकार बनाई जाए, जिससे मंदिर सुरक्षित रह सके।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और मंदिर समिति के लोगों से वार्ता कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए फिलहाल मंदिर हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है। एहतियातन क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जिले में कई स्थानों पर अवैध कब्जों और निर्माणों के खिलाफ पहले कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मंदिर को जबरन हटाने का प्रयास किया गया, तो वे मंदिर के सामने आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।

वहीं, गणेश मंदिर के अचलेश्वर पीठाधीश्वर महंत विनय नाथ ने कहा कि हिंदू समाज की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मंदिर को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।मंदिर समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि मंदिर को सुरक्षित रखते हुए वैकल्पिक निर्माण योजना तैयार की जाए। प्रदर्शन के दौरान अंशुल वार्ष्णेय, एडवोकेट मुकेश वार्ष्णेय, युवा जिला अध्यक्ष सचिन राघव, हैरी वार्ष्णेय, पुष्पेंद्र वार्ष्णेय, विष्णुकांत, दीपक राजपूत, मनु ठाकुर, अभिनव ठाकुर सहित बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story