TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, पहले तीन दिन होंगे फील्ड कार्य के लिए अहम
Aligarh News: अलीगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। शुरुआती तीन दिनों में कार्य की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
Aligarh News
Aligarh News: भारत की जनगणना-2027 के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने फील्ड स्तर पर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रमोद कुमार ने स्पष्ट कहा है कि जनगणना फील्ड कार्य के शुरुआती तीन दिन सबसे अधिक महत्वपूर्ण रहेंगे और इसी दौरान कार्य की वास्तविक स्थिति तथा गुणवत्ता का मूल्यांकन किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला जनगणना अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर, लेखपाल, इंजीनियर और टैक्स सुपरिंटेंडेंट जैसे अधिकारियों को शुरुआती दिनों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के साथ फील्ड में भेजा जाएगा। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय सीमाओं और हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) की सही पहचान सुनिश्चित करना है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने और मोबाइल ऐप से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी तकनीकी कारण से नियुक्ति पत्र मोबाइल ऐप में दिखाई देने वाला नक्शा वास्तविक स्थिति से भिन्न पाया जाता है, तो फील्ड में मौजूद वास्तविक स्थिति को ही प्राथमिकता दी जाएगी। लेखपाल, इंजीनियर अथवा टैक्स सुपरिंटेंडेंट द्वारा निर्धारित क्षेत्र और एचएलबी को अंतिम मानकर कार्य किया जाएगा।प्रमोद कुमार ने यह भी कहा कि सभी प्रगणकों को प्रत्येक भवन और जनगणना मकान का क्रमांक मार्कर से अंकित करते हुए शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करना होगा, ताकि कोई भी भवन अथवा मकान गणना से छूट न सके।
जनगणना कार्य की निगरानी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीआईओ (एनआईसी) एवं चार्ज अधिकारियों से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर एचएलबी स्तर तक प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जिन प्रगणकों द्वारा शुरुआती तीन दिनों में एक भी रिकॉर्ड सिंक नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 के तहत नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की सफलता के लिए फील्ड स्तर पर सतर्कता, बेहतर समन्वय और तकनीकी दक्षता अत्यंत आवश्यक है। जिला प्रशासन जनगणना-2027 को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


