Aligarh News: डीएम अविनाश कुमार का सख्त आदेश, IGRS में 70% फीडबैक नहीं तो वेतन नहीं

Aligarh News: अलीगढ़ के डीएम अविनाश कुमार ने IGRS शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। 70% से कम संतोषजनक फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारियों का जुलाई माह का वेतन रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 30 July 2026 10:47 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News (Image Credit-Newstrack)

Aligarh News:-30 जुलाई जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में अपेक्षित सुधार नहीं मिलने पर डीएम ने साफ संदेश दिया है। कि अब केवल खानापूर्ति नहीं चलेगी। जिन अधिकारियों का शिकायत निस्तारण संतोषजनक नहीं होगा और 70 प्रतिशत से कम फीडबैक मिलेगा, उनका जुलाई माह का वेतन रोक दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता, अधिशासी अभियंता विद्युत तृतीय, विभिन्न प्रभारी चिकित्साधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्ध, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही निस्तारण की वास्तविक कसौटी होगी।

डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाले आईजीआरएस मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है और प्रत्येक विभाग से कम से कम 70 प्रतिशत संतोषजनक फीडबैक प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित है। लेकिन जुलाई माह की समीक्षा में कई विभाग इस मानक पर खरे नहीं उतरे, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया है।

अलीगढ जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार निर्देश और चेतावनी के बावजूद जिन विभागों में सुधार नहीं होगा, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अधिकारियों के जुलाई माह के वेतन आहरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह रोक तभी हटेगी जब संबंधित अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर 70 प्रतिशत या उससे अधिक संतोषजनक फीडबैक प्राप्त कर लेंगे।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

डीएम अविनाश कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे शिकायत निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाएं तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन का विश्वास मजबूत करना है। और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story