अलीगढ़: वोटर लिस्ट से नाम छूटने पर घर-घर जाएगी टीम, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण

Aligarh News: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी: विशेष बूथ दिवस पर डीएम अविनाश कुमार ने तीन कॉलेजों के केंद्र जांचे, डुप्लीकेट वोटर हटाने के दिए निर्देश

Lakshman Singh Raghav
Published on: 29 Nov 2026 3:12 PM IST
अलीगढ़: वोटर लिस्ट से नाम छूटने पर घर-घर जाएगी टीम, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
X

Aligarh News: विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को विशेष बूथ दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने शहर के तीन प्रमुख शिक्षण संस्थानों में बनाए गए मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर पुनरीक्षण अभियान की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। वहीं, मतदाता सूची में मौजूद डुप्लीकेट प्रविष्टियों को भी नियमानुसार हटाया जाए।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। रविवार 29 नवंबर को आयोजित विशेष बूथ दिवस पर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अब्दुल्ला कॉलेज और नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति, मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम अविनाश कुमार ने संबंधित बीएलओ और सुपरवाइजर से ईपीआईसी रेशियो, जेंडर रेशियो, कुल मतदाताओं की संख्या, कोहार्ट मतदाताओं की स्थिति तथा बूथवार प्राप्त और भरे गए विभिन्न प्रपत्रों का ब्योरा मांगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्राप्त होने वाले सभी फार्मों की बीएलओ एप पर शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग की जाए। किसी भी आवेदन को ऑनलाइन दर्ज करने में लापरवाही न बरती जाए, ताकि आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण हो सके।

अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप यदि बूथों पर पर्याप्त फार्म प्राप्त नहीं होते हैं तो अगले दिन से बीएलओ घर-घर जाकर विशेष सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान ऐसे नागरिकों को चिह्नित किया जाएगा, जिनकी पात्रता होने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं हो पाया है। ऐसे लोगों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म भरवाकर नाम शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने और डुप्लीकेट नामों की पहचान कर नियमानुसार उन्हें हटाने के निर्देश दिए। डीएम अविनाश कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही बने रहने चाहिए।निरीक्षण के दौरान बूथ पर संतोषजनक जानकारी और सवालों के जवाब नहीं मिलने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित सुपरवाइजर के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ को उनके कार्यों की स्पष्ट टास्क लिस्ट दी गई है। व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी जिम्मेदारियां और आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए हैं। इसके बावजूद कार्यों की जानकारी नहीं होना गंभीर लापरवाही है।

उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी भरे लहजे में निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के नियमों और प्रशिक्षण में बताए गए प्रावधानों के अनुसार पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करें। निर्धारित समयसीमा में पुनरीक्षण अभियान पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसीएम प्रथम रामवीर सिंह सहित संबंधित सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story