TRENDING TAGS :
Aligarh News: आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर डीएम सख्त, 33 अधिकारियों का वेतन रोका
Aligarh News: अलीगढ़ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले 33 अधिकारियों का वेतन रोक दिया है।
Aligarh News
Aligarh News: जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आईजीआरएस (IGRS) शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शिकायतकर्ताओं से 50 प्रतिशत से भी कम संतोषजनक फीडबैक मिलने पर 33 अधिकारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
30 मई 2026 को हुई समीक्षा बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने पाया कि 33 अधिकारियों द्वारा निस्तारित शिकायतों पर प्राप्त फीडबैक बेहद खराब था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए।डीएम अविनाश कुमार ने स्पष्ट किया कि संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि उनका उत्तर संतोषजनक नहीं पाया गया, तो वेतन पर लगी रोक जारी रहेगी और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि आईजीआरएस केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि शासन की जनउत्तरदायी व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही शिकायत निस्तारण की वास्तविक कसौटी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान 57 अन्य अधिकारियों का फीडबैक भी 60 प्रतिशत से कम पाया गया। इस पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को विशेष समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने इन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तथ्यपरकता बरतने के निर्देश दिए।साथ ही, सभी अधिकारियों को न्यूनतम 70 प्रतिशत संतोषजनक फीडबैक सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। चेतावनी दी गई कि यदि फीडबैक 70 प्रतिशत से कम रहा, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीएम अविनाश कुमार की इस सख्ती से प्रशासनिक तंत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि जनशिकायतों के निस्तारण में उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण ही प्रशासन की प्राथमिकता है।


