Aligarh News: आईजीआरएस शिकायतों पर डीएम सख्त: औपचारिक निस्तारण नहीं, आमजन को मिले वास्तविक समाधान

Aligarh News: अलीगढ़ में आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम अविनाश कुमार के निर्देश पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं को वास्तविक समाधान देने के निर्देश दिए गए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 21 May 2026 4:02 PM IST
Aligarh News: आईजीआरएस शिकायतों पर डीएम सख्त: औपचारिक निस्तारण नहीं, आमजन को मिले वास्तविक समाधान
X

Aligarh News

Aligarh News: जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार के निर्देश पर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला, तहसील, ब्लॉक, नगर निकाय एवं नगर निगम से जुड़े 200 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण स्वीकार नहीं किया जाएगा, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा खानापूर्ति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायत निस्तारण प्रक्रिया में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का संतोषजनक समाधान ही सुशासन की असली पहचान है। सभी विभागों को लंबित मामलों और असंतोषजनक फीडबैक वाले प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर बेहतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण के दौरान ईडीएम मनोज कुमार ने अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल के संचालन, फीडबैक प्रणाली और गुणवत्तापूर्ण आख्या अपलोड करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में महज प्रक्रिया पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना प्राथमिक उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग, तथ्यपरक रिपोर्टिंग और असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों के पुनरीक्षण पर विशेष जोर दिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 1 मई से 21 मई तक जिले में कुल 4947 फीडबैक प्राप्त हुए, जिनमें से 2792 शिकायतकर्ताओं ने समाधान को संतोषजनक माना। यह कुल फीडबैक का 56.43 प्रतिशत है। जिला स्तर पर 2074 में से 1000, तहसील स्तर पर 1116 में से 744, ब्लॉक स्तर पर 683 में से 457, नगर पंचायत एवं पालिका स्तर पर 69 में से 40 तथा नगर निगम स्तर पर 1005 में से 551 फीडबैक संतोषजनक दर्ज किए गए।बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि असंतोषजनक फीडबैक वाले मामलों के लिए विशेष अभियान चलाकर पुनरीक्षण किया जाए, ताकि शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता और जिले की रैंकिंग में सुधार लाया जा सके।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story