Aligarh News:धीमे अफसर और ठेकेदार हो जाएं सावधान! डीएम का सख्त अल्टीमेटम, लापरवाही पर लगेगी पेनाल्टी

Aligarh News: अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने विकास परियोजनाओं में देरी और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। तय समय में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाने की चेतावनी दी गई है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 6 Aug 2026 8:04 PM IST
Aligarh News:धीमे अफसर और ठेकेदार हो जाएं सावधान! डीएम का सख्त अल्टीमेटम, लापरवाही पर लगेगी पेनाल्टी
X

Aligarh News

Aligarh News: जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में देरी करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली अपूर्ण निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में डीएम ने विभागवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के लिए अभी तक भूमि चिन्हित नहीं हुई है, वे संबंधित एसडीएम से समन्वय स्थापित कर तत्काल भूमि उपलब्ध कराएं। न्यायालय में लंबित या अन्य कारणों से बाधित परियोजनाओं की प्रभावी पैरवी कर समस्याओं का समाधान कराने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में जल निगम (शहरी) की अतरौली पुनर्गठन पेयजल योजना, डिफेंस कॉरिडोर की पानी की टंकी, नगर निगम सीमा विस्तार पेयजल योजना, हरदुआगंज और खैर की पेयजल योजनाओं के साथ ही नलकूप एवं पंप हाउस निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ परियोजनाएं भूमि उपलब्ध न होने के कारण प्रभावित हुई हैं, जिस पर डीएम ने भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।इसके अलावा डीडीयू चिकित्सालय में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट, कम्पोजिट विद्यालय गनियावली, मंजूरगढ़ी में साइबर क्राइम थाना भवन, हरदुआगंज बारात घर, जवां सिकंदरपुर कल्याण मंडप, अकराबाद बस स्टेशन, पिसावा नगर पंचायत भवन, डिटेंशन एवं डंपिंग यार्ड और फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई।अधिकारियों ने बताया कि फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट का लगभग 36 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि होमगार्ड कमांडेंट कार्यालय का निर्माण अंतिम चरण में है।

डीएम ने एटा चुंगी फ्लाईओवर का शेष कार्य तेजी से पूरा कराने, लक्ष्मणगढ़ी स्टेडियम निर्माण में अतिरिक्त मानव संसाधन लगाने तथा रामघाट-कल्याण मार्ग चौड़ीकरण में विद्युत खंभों के स्थानांतरण का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग से लिखित प्रगति रिपोर्ट भी तलब की।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, पीडी डीआरडीए आर.के. कुरील, तकनीकी समिति के सदस्य, नोडल अधिकारी और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।डीएम ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से जुड़े सभी प्रोजेक्ट को निर्धारित समय में पूरा कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story