Aligarh News: मकान और रास्ते के विवाद में बुजुर्ग महिला से मारपीट, पुलिसकर्मी पर भी गंभीर आरोप

Aligarh News: अलीगढ़ के थाना गोरई क्षेत्र स्थित गांव चुहारा में पुराने मकान और रास्ते के विवाद को लेकर बुजुर्ग महिला के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 28 Nov 2026 4:27 PM IST
Aligarh News: मकान और रास्ते के विवाद में बुजुर्ग महिला से मारपीट, पुलिसकर्मी पर भी गंभीर आरोप
X

Aligarh News

Aligarh News: जनपद के थाना गोरई क्षेत्र के गांव चुहारा में एक अकेली रहने वाली वृद्ध महिला के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने मकान और रास्ते के विवाद में परिवार के ही चार लोगों ने वृद्ध महिला को घेरकर खींच लिया और लाठी-डंडों, हथियारों तथा ईंट-पत्थरों से बेरहमी से पीटा। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें पहले जिला अस्पताल मलखान सिंह लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, बाद में उन्हें आगरा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भी ले जाया गया।घायल महिला की पहचान त्रिवेणी देवी, पत्नी हेमराज सिंह, निवासी गांव चुहारा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि महिला के बेटे और बेटी बाहर रहते हैं, जबकि वह गांव में अकेली रहती हैं। घटना गुरुवार शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है।

पुराने घर पर गई थीं मां, रास्ते के विवाद में घेरकर पीटने का आरोप

पीड़िता के बेटे दिगंबर सिंह ने बताया कि उनकी मां अपनी बहू के साथ पुराने घर पर गई थीं। रास्ते को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि वहां मौजूद परिवार के चार लोगों ने उन्हें घेर लिया। बहू युवा होने के कारण आरोपियों की पकड़ में नहीं आई, लेकिन उनकी मां को खींचकर चारों ने मिलकर पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों, हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला किया, जिससे उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।पीड़िता की बेटी बबिता ने आरोप लगाया कि परिवार के ही कुछ लोग पुराने मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी रंजिश के चलते उनकी मां के साथ मारपीट की गई। बेटी का यह भी आरोप है कि हमलावरों में एक व्यक्ति पुलिस विभाग में कार्यरत है। बबिता के मुताबिक, उसी व्यक्ति ने उनकी मां को पीटा, जबकि बाकी लोगों ने उन्हें पकड़ रखा था।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

घायल महिला के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बेटी बबिता ने पुलिस पर मौके पर न पहुंचने का भी आरोप लगाया। परिवार का कहना है कि उनकी मां की हालत गंभीर है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।फिलहाल वृद्ध महिला की हालत को लेकर परिजन परेशान हैं। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। अब देखना होगा कि पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story