Aligarh News: अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, हर सीट पर बनेंगे ईवीएम जागरूकता केंद्र

Aligarh News: अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Nov 2026 2:58 PM IST
Aligarh News: अलीगढ़ में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, हर सीट पर बनेंगे ईवीएम जागरूकता केंद्र
X

Aligarh News

Aligarh News:-आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर अलीगढ़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रदर्शन, प्रशिक्षण, मतदाता जागरूकता और मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित नियमों और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पूरी गंभीरता के साथ पालन कराया जाए। ईवीएम की सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं ईवीएम नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित स्थान पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए जाएं। इन केंद्रों पर नियमित रूप से ईवीएम और वीवीपैट का प्रदर्शन कराया जाएगा, जिससे मतदाता मशीनों की कार्यप्रणाली को समझ सकें। मतदाताओं की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान करने के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी। केंद्रों पर पर्याप्त स्थान, बिजली, साइनेज और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने निर्देशित किया है कि प्रशिक्षण और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों में केवल एफएलसी ओके मशीनों का ही इस्तेमाल किया जाए। कुल मतदेय स्थलों की संख्या के सापेक्ष अधिकतम 10 प्रतिशत मशीनें ही इस कार्य के लिए आवंटित होंगी। स्ट्रॉन्ग रूम से मशीनें निकालने और वापस जमा करने की पूरी प्रक्रिया निर्धारित एसओपी के अनुसार होगी। इसके लिए प्रत्येक मशीन का अलग मूवमेंट रजिस्टर और लॉगबुक तैयार कर नियमित रूप से अपडेट किया जाएगा। प्रशिक्षण में इस्तेमाल होने वाले बैलेट पेपर पर डमी प्रत्याशियों के नाम और क्रमांक अंकित किए जाएंगे।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी प्रक्रिया

प्रशासन ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए हैं। स्ट्रॉन्ग रूम से ईवीएम और वीवीपैट निकालने तथा वापस जमा करने के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नियमानुसार सूचना देकर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रशिक्षण और जागरूकता में इस्तेमाल होने वाली मशीनों पर निर्धारित गुलाबी रंग का स्टिकर लगाया जाएगा। उपयोग के बाद सभी मशीनों को प्रतिदिन सुरक्षित स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराया जाएगा और अन्य मशीनों से अलग रखा जाएगा।

सीसीटीवी से होगी निगरानी, 30 दिन तक सुरक्षित रहेगी रिकॉर्डिंग

ईवीएम प्रदर्शन केंद्रों पर प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों, प्रशिक्षण में शामिल मतदाताओं की संख्या और मशीनों के प्रदर्शन का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसका साप्ताहिक विवरण संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराना होगा। मशीनों के परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर 'Election Materials – Urgent' का स्पष्ट संकेतक भी लगाया जाएगा। वहीं स्ट्रॉन्ग रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था करनी होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी ईआरओ को अपने विधानसभा क्षेत्र के ईवीएम नोडल अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के साथ ईवीएम जागरूकता केंद्रों की स्थापना, मशीनों की उपलब्धता, आवंटन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी, लॉगबुक और मूवमेंट रजिस्टर की स्वयं समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजनी होगी। प्रशासन का उद्देश्य विधानसभा चुनाव-2027 से पहले मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के प्रति जागरूक करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखना है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story