TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में पूर्व सैनिकों की शिकायतों पर डीएम सख्त, IGRS से होगी सीधी निगरानी
Aligarh News: अलीगढ़ में पूर्व सैनिकों की शिकायतों पर अब सख्त निगरानी की जाएगी। डीएम अविनाश कुमार ने IGRS पोर्टल के जरिए सभी मामलों के समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
Aligarh News
Aligarh News: देश की सरहद पर जान हथेली पर रखकर देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों की समस्याओं पर अब कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने साफ कह दिया है कि पूर्व सैनिकों को न्याय दिलाना प्रशासन की टॉप प्राथमिकता है। शिकायतों पर जवाबदेही तय होगी।सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सैनिक बंधु बैठक में डीएम अविनाश कुमार ने पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याएं खुद सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिन्होंने देश के सम्मान के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया, उन्हें जायज काम के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
बैठक में शिकायत निस्तारण को पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया। अब पूर्व सैनिकों के सभी आवेदन IGRS पोर्टल पर दर्ज होंगे। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जितेंद्र चौहान को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। पोर्टल पर दर्ज होने से हर शिकायत की मॉनिटरिंग सीधे डीएम कार्यालय से होगी और लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जा सकेगी।बैठक में ज्यादातर मामले भूमि-जायदाद से जुड़े आए। भूमि विवाद, कब्जा दिलाना, पैमाइश, किरायेदारी एवं भरण-पोषण अधिनियम, खतौनी में नाम संशोधन, कृषि भूमि तक रास्ता, सार्वजनिक मार्गों की सुरक्षा, शहीद के नाम पर मार्ग नामकरण, शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण और पंजीकरण जैसे मुद्दे उठे।
अलीगढ़ डीएम अविनाश कुमार ने सभी विभागों को आदेश दिया कि इन मामलों को प्राथमिकता पर निपटाएं और कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को भी दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन पूर्व सैनिकों के सम्मान और हितों की रक्षा पूरी संवेदनशीलता के साथ करेगा।बैठक में उल्फत सिंह चौहान, जसवीर सिंह, रघुवीर सिंह, राजेंद्र देवी, अरविंद कुमार, रामवीर, विनोद कुमार, ज्ञान सिंह राजपूत, रॉय सिंह, ओमवीर सिंह राघव समेत कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। IGRS पोर्टल से निगरानी के फैसले पर सैनिकों ने राहत की सांस ली।


