Aligarh News: रक्षाबंधन से पहले नकली खोवे की फैक्ट्री पर छापा, 18 कुंतल मिलावटी खोवा बरामद

Aligarh News: अलीगढ़ के विजयगढ़ क्षेत्र में FSDA की टीम ने नकली खोवा फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 18 कुंतल मिलावटी खोवा बरामद किया। सेलखड़ी पाउडर और रिफाइंड से खोवा तैयार किया जा रहा था।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 25 Aug 2026 3:39 PM IST
Aligarh News: रक्षाबंधन से पहले नकली खोवे की फैक्ट्री पर छापा, 18 कुंतल मिलावटी खोवा बरामद
X

Aligarh News

Aligarh News: त्योहार आते ही मिलावटखोरों का धंधा भी तेज हो जाता है, लेकिन इस बार FSDA की टीम ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। अलीगढ़ के विजयगढ़ थाना क्षेत्र के नगला भूरा में टीम ने एक ऐसी फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां फर्श पर रिफाइंड और सेलखड़ी पाउडर मिलाकर नकली खोवा तैयार किया जा रहा था।

रक्षाबंधन के त्योहार पर इस मिलावटी खोवे को बाजार में सप्लाई कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।सहायक आयुक्त द्वितीय दीपक सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पांडे के नेतृत्व में FSDA और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगला भूरा में एक निजी फैक्ट्री पर छापा मारा। अंदर का नजारा बेहद खराब था। गंदे फर्श पर खोवा फैलाकर तैयार किया जा रहा था। चारों तरफ बदबू और गंदगी पसरी हुई थी। अनहाइजीनिक तरीके से तैयार किए जा रहे इस खोवे को देखकर अधिकारी भी दंग रह गए।

जब टीम ने गहनता से तलाशी ली तो पूरा मामला सामने आया। बेड के अंदर छिपाकर रखे गए नकली खोवा बनाने वाले पाउडर के बोरे बरामद हुए। आरोपी ने पुलिस की नजर से बचने के लिए पलंग के बॉक्स के अंदर सेलखड़ी पाउडर और केमिकल छिपा रखे थे। इसी पाउडर में रिफाइंड मिलाकर सफेद और चिकना खोवा तैयार किया जा रहा था, जो देखने में बिल्कुल असली जैसा लगता था।मौके से करीब 18 कुंतल तैयार मिलावटी खोवा बरामद हुआ। टीम ने तत्काल पूरे खोवे को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। अगर टीम एक दिन और देर करती तो यह 18 कुंतल मिलावटी खोवा रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों के जरिए सैकड़ों घरों तक पहुंच सकता था।

FSDA अधिकारियों ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। साथ ही मिलावटी कारोबार करने वाले मुख्य आरोपी के खिलाफ थाना विजयगढ़ में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी मौके से फरार बताया जा रहा है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।सहायक आयुक्त दीपक सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि खोवा और मिठाई केवल विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें। किसी भी तरह की मिलावट की आशंका होने पर विभाग को इसकी सूचना दें।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story