TRENDING TAGS :
Aligarh News: किसान मेले में गूंजी प्राकृतिक खेती की आवाज, किसानों से प्रकृति की ओर लौटने का आह्वान
Aligarh News: अलीगढ़ के कृषि विज्ञान केंद्र, छेरत में आयोजित किसान मेला एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला में किसानों को जैविक और गौ-आधारित खेती अपनाने का संदेश दिया गया।
Aligarh News
Aligarh News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कृषि विज्ञान केंद्र, छेरत में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत किसान मेला एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को जैविक एवं गौ-आधारित खेती अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने रासायनिक खेती के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त करते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर लौटने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समृद्धि से ही राष्ट्र का विकास संभव है। उन्होंने किसानों को खेती के साथ-साथ गौपालन अपनाने की भी सलाह दी।कार्यशाला में कृषि वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक खेती, वर्मी कम्पोस्ट, जीवामृत, टिश्यू कल्चर तकनीक तथा जल संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।कृषि वैज्ञानिक डॉ. विश्वजीत सिंह ने बताया कि टिश्यू कल्चर तकनीक के माध्यम से एक पौधे से लगभग 1700 नए पौधे तैयार किए जा सकते हैं।
वहीं, डॉ. नेत्रपाल मलिक ने प्राकृतिक खेती को मिट्टी एवं पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताया।प्रो. तारिक मंसूर ने जल संरक्षण और रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग को समय की आवश्यकता बताया, जबकि डॉ. मानवेन्द्र सिंह ने रासायनिक खेती के कारण बढ़ रही बीमारियों पर चिंता जताई। संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने किसानों को संदेश देते हुए कहा, “अब लौट चलें, प्रकृति की ओर।”कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कृषि विभाग के अधिकारियों, वैज्ञानिकों एवं बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।


