Aligarh Police Encounter: पुलिस मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे चार बदमाश गिरफ्तार, तीन घायल

Aligarh News: गभाना में पुलिस मुठभेड़ के बाद चार बदमाश गिरफ्तार, तीन घायल, हथियार और कार बरामद

Lakshman Singh Raghav
Published on: 10 Aug 2026 9:34 AM IST
Aligarh Police Encounter: पुलिस मुठभेड़, फायरिंग कर भाग रहे चार बदमाश गिरफ्तार, तीन घायल
X

Aligarh Police Encounter

Aligarh News: गभाना थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास कर रहे कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चार अवैध तमंचे, कारतूस, गंडासा, छुरा और एक कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की रात थाना गभाना पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग नगर की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद कार को रोकने का प्रयास किया गया।पुलिस का आरोप है। कि कार सवारों ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से कार भगाई और बैरियर में टक्कर मारकर निकलने की कोशिश की। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन संदिग्ध घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों दिलशाद, अजमत उर्फ इकबाल उर्फ मौजी, करूआ उर्फ नौशाद और दानिश, सभी निवासी ग्राम रायट, थाना लोधा, अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, 10 जिंदा कारतूस, पांच खोखा कारतूस, एक गंडासा, एक छुरा और एक कार बरामद की है। मामले में थाना गभाना में मु0अ0सं0 269/26 के तहत धारा 109(1) बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कथित तौर पर गौकशी के उद्देश्य से गभाना क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में दिलशाद, अजमत और करूआ उर्फ नौशाद थाना लोधा के हिस्ट्रीशीटर हैं। अजमत थाना टप्पल में दर्ज एक पूर्व पुलिस मुठभेड़ के मुकदमे में भी वांछित बताया गया है।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना गभाना प्रभारी मनोज कुमार समेत पुलिस टीम और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग नगर की टीम शामिल रही।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story