TRENDING TAGS :
Aligarh News: गोरई में परिवार पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड, फरसा और लाइसेंसी बंदूक से हमला
Aligarh News: गोरई में परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया। लोहे की रॉड, फरसा और लाइसेंसी बंदूक से हमला करने का आरोप है।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: गोरई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही परिवार के तीन लोगों पर लोहे की रॉड और फरसे से हमला कर दिया था और बाद में लाइसेंसी बंदूक निकालकर जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना का विवरण पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2026 का है। पीड़ित वादी ने थाना गोरई में तहरीर देकर बताया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने एक राय होकर उसके घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने वादी, उसके पुत्र और उसकी पत्नी को जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉड और फरसे से वार किए। हमले में तीनों घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
इस तहरीर के आधार पर थाना गोरई पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 175/2026 धारा 191(2), 191(3), 190, 109(1), 351(3), 131 भारतीय न्याय संहिता बीएनएस के तहत पंजीकृत कर लिया। बीएनएस की ये धाराएं बलवा, जानलेवा हमले का प्रयास, आपराधिक धमकी और घातक हथियारों से हमले से संबंधित हैं।
मुकदमा दर्ज होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना गोरई पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। शनिवार 23 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र गोरई से ही मुख्य आरोपी रामेश्वर दयाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी कस्बा व थाना गोरई जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से ही फरार होने की फिराक में था। थाना प्रभारी गोरई ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है। और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इस गिरफ्तारी में थाना गोरई पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक सुदीप कुमार, कांस्टेबल जयपाल सिंह और कांस्टेबल पप्पन कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है। कि किसी भी प्रकार की हिंसक घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


