Aligarh News: हार्डवेयर फैक्ट्री में तमंचा तानकर 10 लाख की लूट, नकाबपोश बदमाश CCTV में कैद हुए

Aligarh News: अलीगढ़ की हार्डवेयर फैक्ट्री में नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा तानकर कैश से भरा बैग लूट लिया। वारदात में करीब 10 लाख रुपये की लूट हुई, CCTV में बदमाश कैद हुए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 11 Aug 2026 2:37 PM IST (Updated on: 11 Aug 2026 2:39 PM IST)
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: जनपद के ऊपरकोट नगर कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा इलाके में ठाकुर वाली गली के पास हार्डवेयर कारोबारी की फैक्ट्री में तमंचे के बल पर करीब 10 लाख रुपये की लूट से सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश बदमाश कैश से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में दोनों संदिग्ध बदमाश बैग लेकर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।


जानकारी के मुताबिक भुजपुरा इलाके में जाकिर मेटल नाम से हार्डवेयर का कारखाना संचालित होता है। घटना के समय फैक्ट्री में तीन कर्मचारी मौजूद बताए जा रहे हैं। कारोबारी जाकिर के अनुसार, वह सोमवार शाम करीब 7:50 बजे अपनी पत्नी के साथ मार्केट की ओर चले गए थे। इसी दौरान कर्मचारियों में से एक को गुटखा लेने के लिए फैक्ट्री से बाहर भेजा गया।

बताया जा रहा है। कि कर्मचारी के बाहर जाने के कुछ ही मिनट बाद दो नकाबपोश बदमाश फैक्ट्री के ऑफिस में घुस आए। बदमाशों ने कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर धमकाया और ऑफिस में रखी करीब 10 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश कैश से भरा बैग लेकर निकल गए।

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन और एसपी सिटी आदित्य बंसल फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है। कि कर्मचारी के गुटखा लेने जाने और वापस लौटने के बीच करीब पांच मिनट का अंतराल था। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में दोनों संदिग्ध बदमाश बैग लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल में जुटी है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। वादी से तहरीर लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस की विभिन्न टीमें घटना के अनावरण में जुटी हैं। जल्द ही वारदात का सफल खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story