TRENDING TAGS :
Aligarh News: जामा मस्जिद में गूंजा शहीदों का जयघोष, 1857 के 73 वीरों को SSP ने दी सलामी
Aligarh News : अलीगढ़ की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में 1857 के 73 वीर शहीदों को एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने श्रद्धांजलि दी और पुलिस जवानों ने सलामी दी।
Aligarh News
Aligarh News: 1857 की क्रांति को भले ही 169 साल हो गए हों, लेकिन अलीगढ़ की माटी आज भी अपने 73 लालों की शहादत को नहीं भूली। रविवार 23 अगस्त 2026 को अलीगढ़ पुलिस ने इतिहास के पन्नों में दर्ज उस खूनी और गौरवशाली अध्याय को फिर से जीवंत कर दिया। अलीगढ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन द्वारा शहर की ऐतिहासिक जामा मस्जिद परिसर में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के 73 वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम सुबह जामा मस्जिद परिसर में आयोजित किया गया। जैसे ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन परिसर में पहुंचे, पूरे माहौल में देशभक्ति का रंग घुल गया। पुलिस के जवानों ने शहीदों की याद में सलामी दी। एसएसपी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों के बलिदान को नमन किया।
आपको बता दें कि 1857 में जब पूरे देश में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बगावत की चिंगारी भड़की थी, तो अलीगढ़ भी इससे अछूता नहीं रहा था। इतिहासकारों के मुताबिक अलीगढ़ के इन 73 वीरों ने जामा मस्जिद के आसपास ही अंग्रेजों से लोहा लिया था और देश की खातिर हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूम लिया था। इन्हीं शहीदों की याद में हर साल यह श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
इस अवसर पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह इन्हीं वीर शहीदों की बदौलत है। उनका बलिदान हमें कर्तव्यनिष्ठा, देशभक्ति और राष्ट्र प्रथम की भावना सिखाता है। पुलिस विभाग सिर्फ कानून व्यवस्था नहीं, बल्कि शहीदों के सपनों के भारत को बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर तब देखने को मिली जब 1857 के शहीदों के परिजनों को मंच पर सम्मानित किया गया। कई परिजनों की आंखें नम थीं। उन्होंने कहा कि 169 साल बाद भी पुलिस-प्रशासन द्वारा उनके पुरखों को याद किया जाना गर्व की बात है।
इस श्रद्धांजलि समारोह में पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, जामा मस्जिद कमेटी के लोग और शहर के कई संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने की शपथ ली। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम का समापन हुआ।


