TRENDING TAGS :
Aligarh News: कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
Aligarh News: अलीगढ़ में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर डीएम अविनाश कुमार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। रामघाट-कल्याण मार्ग की खराब स्थिति पर PWD इंजीनियर का वेतन रोकने के आदेश दिए गए।
Aligarh News
Aligarh News: श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में "नो इंसिडेंट-नो एक्सीडेंट" हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई होगी।
अलीगढ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, कानून-व्यवस्था और कांवड़ मार्गों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।अलीगढ डीएम अविनाश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश तत्काल लोगों तक पहुंचाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मार्गों पर मीट की सभी दुकानें बंद रहेंगी, जबकि आबकारी की दुकानों को पूरी तरह ढककर रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान बना रहे।बैठक के दौरान रामघाट-कल्याण मार्ग की खराब स्थिति पर जिलाधिकारी का गुस्सा भी देखने को मिला।
कांवड़ मार्ग की संतोषजनक मरम्मत न होने पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अधूरे पैचवर्क और मरम्मत कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने के आदेश जारी किए। वहीं संबंधित अधिकारी ने अन्य मार्गों पर कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा को निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए और प्रत्येक दुकान पर मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित रहे।अलीगढ नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि नगर क्षेत्र में सात पानी के टैंकर, स्थायी प्रकाश व्यवस्था, जलभराव वाले स्थानों पर सक्शन मशीनें तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था कर दी गई है।
वहीं नगर निगम सीमा से पहले आने वाली 12 ग्राम पंचायतों में भी व्यापक सफाई अभियान, हर 50 मीटर पर प्रकाश व्यवस्था, बिजली के खंभों की सुरक्षा और झूलते तारों को ठीक करने का कार्य कराया गया है।अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सभी बीडीओ और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क किनारे निर्माण सामग्री नहीं पड़ी रहनी चाहिए। विद्युत विभाग को खुले ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित करने, कांवड़ मार्गों पर गुजर रही बिजली लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाने तथा झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और बड़े पेड़ों पर रिफ्लेक्टर लगाने के आदेश भी जारी किए गए।
अलीगढ मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सड़कों से छुट्टा पशुओं को हटाने, जबकि मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता, एंटीवेनम और एंटी रैबीज इंजेक्शन का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में डीएम ने सभी एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से लगातार क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


