अलीगढ़: खैर नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर, सफाई व्यवस्था के दावों की खुली पोल

Aligarh News: अलीगढ़ के खैर में चौराहों व धार्मिक स्थलों के पास कचरे के अंबार और प्रतिबंधित पॉलिथीन से लोग परेशान। डंपिंग के बजाय गड्ढों में कूड़ा डालने का आरोप।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 29 Nov 2026 1:55 PM IST
अलीगढ़: खैर नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर, सफाई व्यवस्था के दावों की खुली पोल
X

Aligarh News: खैर स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहरों और कस्बों को साफ-सुथरा बनाने के लिए भले ही करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हों, लेकिन खैर नगर में जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। यहां गली-मोहल्लों से लेकर प्रमुख चौराहों तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। प्रतिबंधित पॉलिथीन जगह-जगह बिखरी पड़ी है। नगर पालिका के सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दावे कूड़े के इन अंबारों के सामने पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।

खैर कस्बे के पॉश इलाके में शामिल छोटा चौराहा भी गंदगी से अछूता नहीं है। यहां स्थित ऐतिहासिक कुएं के समीप दिनभर कूड़े का ढेर लगा रहता है। इस कुएं का धार्मिक और सामाजिक महत्व है। कस्बे में शादी-विवाह के दौरान घरों में कुआं पूजन की परंपरा निभाई जाती है, लेकिन इसी महत्वपूर्ण स्थान के आसपास फैली गंदगी नगर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका के कर्मचारी और अधिकारी इसी रास्ते से दिनभर गुजरते हैं, इसके बावजूद कूड़े के ढेर को हटाने की जहमत नहीं उठाई जा रही।

कस्बे के सोमना रोड पर करवन नदी के समीप भी कूड़े का अंबार लगा रहता है। दोपहर एक बजे के बाद तक कचरा सड़कों और चौराहों पर पड़ा दिखाई देता है। सोमना रोड स्थित एक कोल्ड स्टोर से आगे तक प्रतिबंधित पॉलिथीन और प्लास्टिक की गंदगी बिखरी हुई है। इससे साफ जाहिर होता है कि प्रतिबंधित पॉलिथीन पर रोक लगाने के दावे भी कागजों तक सीमित हैं।

सबसे गंभीर स्थिति कचरे के निस्तारण को लेकर सामने आ रही है। नियमानुसार नगर का कचरा निर्धारित डंपिंग ग्राउंड में डाला जाना चाहिए, लेकिन आरोप है कि नगर पालिका के ट्रैक्टर सोमना रोड स्थित मजार से आगे गड्ढों में कचरा डाल रहे हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के सामने स्थित पड़ाव मैदान में भी कूड़े के ढेर जमा होकर पहाड़ का रूप लेते जा रहे हैं। इससे आसपास के वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

कस्बे के लोगों का कहना है कि जगह-जगह जमा गंदगी के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का सवाल है कि जब नगर पालिका सफाई व्यवस्था के नाम पर जिम्मेदारी निभाने का दावा करती है तो फिर प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कई-कई घंटे कूड़े के ढेर क्यों लगे रहते हैं?

स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से छोटा चौराहा, सोमना रोड, करवन नदी और पड़ाव मैदान सहित पूरे कस्बे में विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही कचरे को निर्धारित डंपिंग ग्राउंड में ही डलवाने, प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ कार्रवाई करने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है या फिर खैर के लोग इसी तरह गंदगी के बीच रहने को मजबूर रहेंगे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story