TRENDING TAGS :
Aligarh News : खैर के मऊ में गूंजे रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह के मंगल गीत, भक्तिमय हुआ गांव
Aligarh News : ग्राम मऊ में श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन बाल व्यास श्रेयस त्रिपाठी ने रुक्मिणी-श्रीकृष्ण विवाह प्रसंग सुनाकर भक्तों को भाव-विभोर किया।
Aligarh News
Aligarh News : खैर भागवत कथा सुनने का पुण्य और रुक्मिणी विवाह का आनंद एक साथ मिल जाए तो माहौल कैसा होगा, ये नजारा आज खैर क्षेत्र के ग्राम मऊ में देखने को मिला। यहां चल रही श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन बाल व्यास श्रेयस त्रिपाठी जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी जी के विवाह प्रसंग का ऐसा वर्णन किया कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।
बाल व्यास श्रेयस त्रिपाठी जी महाराज ने कथा में बताया कि विदर्भ नरेश भीष्मक की पुत्री रुक्मिणी ने बचपन से ही श्रीकृष्ण को अपना पति मान लिया था। रुक्मिणी के भाई रुक्मि की इच्छा के विरुद्ध जाकर श्रीकृष्ण ने रुक्मिणी का हरण कर द्वारिका में उनसे विधि-विधान से विवाह किया। महाराज ने रुक्मिणी के प्रेम पत्र, श्रीकृष्ण की द्वारिका यात्रा और विवाह के मंगल गीतों का भावपूर्ण वर्णन किया। उनके मुखारविंद से कथा सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो गए और "जय श्रीकृष्ण" के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा।
इस दिव्य आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा में ठाकुर अमरपाल सिंह, रामदेव, प्रेमपाल सिंह, धर्मवीर सिंह, पोख पाल सिंह, सोनपाल मास्टर जी, अनेक कुमार, सुखदेव, कुमरपाल सिंह, नौजी भगत जी सहित समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने कथा का रसपान किया और प्रसाद ग्रहण किया।आयोजकों ने बताया कि भागवत कथा 7 दिनों तक चलेगी और समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। गांव की गलियां आज बैनर-पोस्टर और फूलों से सजी हुई थीं। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर माहौल को और भक्तिमय बना दिया।ग्राम मऊ में चल रही इस कथा से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है। भक्तजन प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ ले रहे हैं।


