Aligarh News: स्कूल में घुसकर महिला समेत तीन लोगों से मारपीट का आरोप, 15 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं

Aligarh News: अलीगढ़ के खैर थाना क्षेत्र के शिवाला खुर्द गांव में स्कूल में घुसकर महिला समेत तीन लोगों से मारपीट का आरोप। FIR दर्ज होने के बाद भी धमकी मिलने का दावा, पीड़ित परिवार ने SSP से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Nov 2026 2:34 PM IST
Aligarh News: स्कूल में घुसकर महिला समेत तीन लोगों से मारपीट का आरोप, 15 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
X

Aligarh News

Aligarh News: खैर थाना क्षेत्र के गांव शिवाला खुर्द में 8 नवंबर 2026 को हुई मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्कूल में घुसकर एक महिला, उसकी बहन और ननद पिंकी के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें एक महिला का हाथ फ्रैक्चर हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के साक्ष्य होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। अब पीड़ित परिवार ने एसएसपी अलीगढ़ से मिलकर न्याय की गुहार लगाने की बात कही है।

पीड़िता प्रियंका शर्मा पत्नी जीतेश कुमार, निवासी शिवाला खुर्द ने आरोप लगाया कि 8 नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:15 बजे वह अपने स्कूल में दीप और मोमबत्ती जला रही थीं। उसी समय उनके देवर स्कूल के गेट पर खड़े थे। आरोप है कि तभी कुछ लोग धारदार हथियार, लाठी-डंडे, सरिया और ईंट-पत्थर लेकर वहां पहुंच गए और हमला कर दिया।प्रियंका शर्मा के मुताबिक, उनका देवर अपनी जान बचाकर वहां से भाग गया, लेकिन उसके सिर में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी स्कूल के अंदर घुस गए और उन्हें बाल पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले आए। बाहर लाकर प्रियंका, उनकी छोटी बहन और ननद पिंकी के साथ मारपीट की गई। प्रियंका ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी नाक और गर्दन पर हमला करने का भी प्रयास किया।

वहीं, पीड़ित सौरभ कुमार शर्मा ने बताया कि वह विद्यालय के अंदर मौजूद थे, तभी उन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला किया गया। एक लाठी लगने के बाद वह किसी तरह वहां से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने उनकी पत्नी और भाई की पत्नी के साथ मारपीट की। इस घटना में उनकी बहन का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जिसका अभी भी इलाज चल रहा है।प्रियंका शर्मा ने आरोप लगाया कि हमलावरों में शिवाला गांव और थाना खैर क्षेत्र के करीब 11 लोग शामिल थे। इसके अलावा बदनपुर, थाना सुरीर, जिला मथुरा का एक युवक भी उनके साथ था। हालांकि, ये सभी आरोप पीड़ित पक्ष की ओर से लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।प्रियंका शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहन को जान से मारने की नीयत से पास में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर के तारों पर डालने का प्रयास किया गया। वहीं, हीरालाल नामक व्यक्ति ने फावड़े के डंडे से उनकी ननद पिंकी के हाथ पर वार किया, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

FIR दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई न होने का आरोप

पीड़ित परिवार की सबसे बड़ी शिकायत पुलिस की कार्रवाई को लेकर है। प्रियंका शर्मा का आरोप है कि 8 से 16 नवंबर तक थाने में उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही FIR दर्ज की गई। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन एसएसपी से मुलाकात कर घटना से जुड़े साक्ष्य दिखाए। उनके मुताबिक, अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा संख्या 857 दर्ज किया गया।पीड़ित सौरभ कुमार शर्मा ने भी बताया कि उन्होंने एसएसपी के सामने अपनी बात रखी थी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज हुआ।

FIR के बाद भी गांव से भगाने की धमकी देने का आरोप

पीड़ित परिवार का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी उन्हें राहत नहीं मिली है। आरोप है कि दूसरा पक्ष लगातार धमकी दे रहा है कि परिवार को गांव से भगाकर ही दम लेंगे। इस डर के चलते परिवार पिछले 15-16 दिनों से अपने घर नहीं जा पा रहा है और इधर-उधर रहने को मजबूर है।प्रियंका शर्मा ने भावुक होकर कहा, "मुझे कहीं भी न्याय नहीं मिला, इसलिए मैं आपके पास उम्मीद लेकर आई हूं।" वहीं, सौरभ कुमार शर्मा ने बताया कि वह 23 नवंबर 2026 को दोबारा एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।प्रियंका शर्मा का कहना है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है, जिसे वह अधिकारियों को दिखाना चाहती हैं। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज समेत सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाए, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे गांव में सुरक्षित रूप से रह सकें।इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story