Aligarh News: कोटेदारों की बल्ले-बल्ले! लाभांश 125 रुपये, अन्नपूर्णा भवन बनेंगी राशन दुकानें

Aligarh News: अलीगढ़ में कोटेदारों का लाभांश 90 से बढ़कर 125 रुपये प्रति कुंतल हुआ, राशन दुकानें अन्नपूर्णा भवन और जन पोषण केंद्र के रूप में विकसित होंगी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 17 Aug 2026 3:02 PM IST
Aligarh News: कोटेदारों की बल्ले-बल्ले! लाभांश 125 रुपये, अन्नपूर्णा भवन बनेंगी राशन दुकानें
X

Aligarh News: राशन वितरण व्यवस्था की सबसे अहम कड़ी माने जाने वाले उचित दर विक्रेताओं यानी कोटेदारों के लिए सोमवार का दिन तोहफों भरा रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से प्रदेश के 78 हजार से अधिक कोटेदारों के लाभांश में सीधी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया। अब प्रति कुंतल लाभांश 90 रुपये से बढ़कर 125 रुपये हो गया है। इसी के साथ राशन की दुकानों को ‘अन्नपूर्णा भवन’ और ‘जन पोषण केंद्र’ के रूप में विकसित करने की योजना को भी रफ्तार दी गई।लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का अलीगढ़ में कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर सहित सभी तहसील मुख्यालयों पर सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे।

लाभांश बढ़ा तो चेहरे खिले

लखनऊ से मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर प्रदेशभर के उचित दर विक्रेताओं के खातों में बढ़े हुए लाभांश की धनराशि भेजी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने में कोटेदारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को देखते हुए सरकार ने उनके मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला लिया है।

अब 100 कुंतल राशन वितरण पर कोटेदार को 16,250 रुपये का लाभांश मिलेगा। पहले यह राशि 9,000 रुपये थी। इस वृद्धि के लिए राज्य सरकार 336 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक बजट खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार से भी लाभांश में प्रति कुंतल 25 रुपये की और बढ़ोतरी का अनुरोध किया गया है। यदि केंद्र मान लेता है तो कोटेदारों को 150 रुपये प्रति कुंतल मिलेंगे।

ई-पॉस से लेकर ‘अन्नपूर्णा भवन’ तक

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद पीडीएस में पारदर्शिता लाने के लिए ई-पॉस मशीनें लगाई गईं और एफसीआई के गोदाम से सीधे दुकान तक डिलीवरी शुरू की गई। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई और लोगों का कोटेदारों पर भरोसा बढ़ा।

अब राशन दुकानों को केवल वितरण केंद्र नहीं रखा जाएगा। इन्हें ‘अन्नपूर्णा भवन’ और ‘जन पोषण केंद्र’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए इस वर्ष 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इन भवनों में गोदाम की सुविधा भी होगी। साथ ही कोटेदारों को राशन के अलावा 39 मानक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति दी गई है। नशीले पदार्थ और फायर सेफ्टी से जुड़ी वस्तुओं को छोड़कर बाकी सामान बेचकर कोटेदार अतिरिक्त आय कमा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक 10 हजार राशन दुकानों को अन्नपूर्णा भवन में बदला जा चुका है। ऑनलाइन व्यवस्था से कोटेदारों को मैनुअल रिकॉर्ड रखने की झंझट से भी मुक्ति मिली है। राशन कार्ड विभाजन, यूनिट स्थानांतरण, निरस्तीकरण जैसी सेवाएं अब ऑनलाइन हो रही हैं।

अलीगढ़ में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ प्रसारण

अलीगढ़ में कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर के साथ-साथ सभी तहसीलों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। इगलास में विधायक राजकुमार सहयोगी, गभाना में विधायक जयवीर सिंह, अकराबाद में विधायक रवेन्द्र पाल सिंह, अतरौली में ब्लॉक प्रमुख केहरी सिंह और खैर में जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह की उपस्थिति में कार्यक्रम हुए।

मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में 1,324 उचित दर विक्रेता कार्यरत हैं। लाभांश वृद्धि और नई डिजिटल व्यवस्था का सीधा लाभ उन्हें मिलेगा। जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह ने कहा कि जिले में हर महीने 1 लाख 20 हजार कुंतल राशन वितरित होता है। पहले कोटेदारों के खाते में हर महीने 90 लाख रुपये से अधिक का भुगतान होता था, जो अब बढ़कर 1 करोड़ 30 लाख रुपये से अधिक हो जाएगा।

डीएसओ ने बताया कि जिले में 6 लाख 82 हजार राशन कार्ड हैं, जिनमें 24,596 अंत्योदय कार्ड धारक हैं। अन्नपूर्णा भवनों की बात करें तो 2025-26 में स्वीकृत 70 में से 42 बनकर तैयार हो चुके हैं। और 28 निर्माणाधीन हैं। 2026-27 के लिए 225 अन्नपूर्णा भवनों का चिन्हीकरण भी कर लिया गया है।

जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार

जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद कोटेदारों की मांग पूरी हुई है। पहले राशन को लेकर शिकायतें आती थीं, लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था से पात्रों को पूरा राशन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राशन के साथ गैस भी मुफ्त मिल रही है और कानून व्यवस्था बेहतर होने से बेटियां स्कूल और व्यापारी बेखौफ व्यापार कर पा रहे हैं।

एमएलसी प्रो. तारिक मंसूर ने कोविड काल में कोटेदारों द्वारा किए गए राशन वितरण की सराहना की। विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि 70 से 90 और अब 90 से 125 रुपये की बढ़ोतरी सम्मानजनक है। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि सरकार की योजनाएं कोटेदारों के सहयोग से ही घर-घर पहुंच रही हैं।कार्यक्रम में कोटेदार संगठन के अध्यक्ष ललित कुमार और विजय विक्रम ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी के.के. राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कोटेदार मौजूद रहे।लाभांश बढ़ने और ‘अन्नपूर्णा भवन’ बनने की घोषणा से कोटेदारों में उत्साह है। अब राशन वितरण के साथ-साथ उनकी आय और सम्मान दोनों बढ़ने की उम्मीद है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story