Aligarh: लखपति दीदी अभियान तेज, 72 हजार महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, सीडीओ ने सुस्त अफसरों पर कसा शिकंजा

Aligarh News: अलीगढ़ जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चल रहे ‘लखपति दीदी’ अभियान में अब तक 72,020 महिलाएं आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। समीक्षा बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार ने लक्ष्य पूरा करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 3 Aug 2026 8:03 PM IST
Aligarh: लखपति दीदी अभियान तेज, 72 हजार महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, सीडीओ ने सुस्त अफसरों पर कसा शिकंजा
X

Aligarh News

Aligarh News: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अलीगढ़ जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा ‘लखपति दीदी’ अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले में निर्धारित 94,549 महिलाओं के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 72,020 महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। सोमवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

बैठक में सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र गृहस्थी परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने का कार्य और तेज किया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है।समीक्षा के दौरान सामने आया कि चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक 13,741 महिलाओं को विभिन्न कन्वर्जेंस योजनाओं से जोड़कर उन्हें भी ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं विकासखंड बिजौली, चंडौस, धनीपुर और गंगीरी की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर पाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित एडीओ पंचायतों को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी।

बैठक में अनुपस्थित रहने वाले सहायक विकास अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीडीओ ने उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 19,792 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया जा चुका है। इनमें से 15,015 समूहों को रिवॉल्विंग फंड, 14,566 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि तथा 14,265 समूहों को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाया गया है।जिले में संचालित तीन एफपीओ से 2,270 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा 483 विद्युत सखियां कार्यरत हैं, जिनमें से 409 को ऑनबोर्ड किया जा चुका है। 100 महिलाएं टेक होम राशन प्लांट के माध्यम से आय बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रही हैं। वहीं 44 उचित दर की दुकानों और 849 ग्राम पंचायतों के सामुदायिक शौचालयों का संचालन भी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं सफलतापूर्वक कर रही हैं।बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और सभी विकासखंडों के एडीओ उपस्थित रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story