TRENDING TAGS :
Aligarh News: माटीकला टूल किट के लिए 22 अगस्त को होगा चयन, कुम्हारों को मुफ्त चाक-पगमिल का लाभ
Aligarh News: अलीगढ़ में माटीकला टूल किट योजना के तहत मुफ्त विद्युत चालित कुम्हारी चाक और पगमिल मशीन के लिए 22 अगस्त को चयन एवं साक्षात्कार होगा। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार पहुंचना होगा।
Aligarh News
Aligarh News: माटीकला से जुड़े कारीगरों और कुम्हारों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की माटीकला टूल किट वितरण योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में निःशुल्क विद्युत चालित कुम्हारी चाक और पगमिल मशीन पाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लाभार्थियों के चयन के लिए 22 अगस्त को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि योजना के अंतर्गत प्राप्त ऑनलाइन आवेदन पत्रों के अभ्यर्थियों का चयन एवं साक्षात्कार 22 अगस्त को प्रातः 11 बजे विकास भवन सभागार में कराया जाएगा। चयन प्रक्रिया मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित होगी। विभाग की ओर से संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने बताया कि माटीकला से जुड़े पात्र लोगों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को विद्युत चालित कुम्हारी चाक और पगमिल मशीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इससे कुम्हारों को मिट्टी के बर्तन और अन्य माटीकला उत्पाद तैयार करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, उनके काम की गति और उत्पादन क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
लाभार्थियों के चयन के लिए गठित समिति में परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़; उपायुक्त (स्वतः रोजगार); जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी तथा जिले के लेखा परीक्षक, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग कार्यालय, अलीगढ़ मंडल, अलीगढ़ को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 22 अगस्त को सुबह 11 बजे विकास भवन सभागार में निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया एवं साक्षात्कार में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर पूरी की जाएगी।मुफ्त चाक और पगमिल मशीन मिलने से माटीकला से जुड़े परिवारों को अपना कारोबार बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।


