Aligarh: नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्था,37 केंद्रों के 67 बूथों पर मतदान जारी

Aligarh News: अलीगढ़ में आगरा खंड स्नातक एमएलसी चुनाव 2026 के दौरान डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज जादौन ने नौरंगीलाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 23 Oct 2026 10:24 AM IST
Aligarh: नौरंगीलाल इंटर कॉलेज में डीएम-एसएसपी ने परखी व्यवस्था,37 केंद्रों के 67 बूथों पर मतदान जारी
X

Aligarh News

Aligarh News: आगरा खंड स्नातक एमएलसी निर्वाचन 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने नौरंगीलाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ नौरंगीलाल इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। जिले के सभी 67 बूथों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। साथ ही, उन्होंने मतदाताओं से घरों से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

37 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जा रहा है। जिले में कुल 37 मतदान केंद्र और 67 बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 37 सेक्टर पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जो सुबह से ही लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं।उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी अविनाश कुमार और एसएसपी ने रात में ही अधिकांश संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर लिया था। सुबह से ही सभी क्षेत्राधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील हैं और मतदान की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। फिलहाल जिले में मतदान की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।

बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की जा रही है।जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया में सहयोग करें। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story