Aligarh News: एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, 23 अक्टूबर को 46,189 मतदाता करेंगे मतदान

Aligarh News: अलीगढ़ में विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रेक्षक हीरालाल पटेल ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 19 Oct 2026 4:16 PM IST
Aligarh News: एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, 23 अक्टूबर को 46,189 मतदाता करेंगे मतदान
X

Aligarh News

Aligarh News: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार को सर्किट हाउस के सभागार में प्रेक्षक हीरालाल पटेल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्वाचन की तैयारियों, मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था, वीडियोग्राफी तथा पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के बाद प्रेक्षक ने पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी के लिए निर्धारित राजकीय नौरंगीलाल इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण भी किया।बैठक का संचालन उप जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ भट्ट ने किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 37 मुख्य एवं 11 सहायक मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 48 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के लिए 19 मुख्य मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 67 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सभी एसडीएम एवं बीडीओ द्वारा मतदान केंद्रों का सत्यापन कराया जा चुका है।

मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। पोलिंग पार्टियों की रवानगी 22 अक्टूबर को की जाएगी।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23,185 पुरुष एवं 15,958 महिला मतदाता हैं। इस प्रकार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 39,143 मतदाता पंजीकृत हैं। इसी तरह, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 4,444 पुरुष एवं 2,602 महिला मतदाता हैं। यहां कुल 7,046 मतदाता पंजीकृत हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर कुल 46,189 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।निर्वाचन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रिजर्व सहित कुल 296 मतदान कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। पोलिंग पार्टियों के आवागमन के लिए 44 हल्के वाहन एवं 26 बसों सहित कुल 70 वाहनों का उपयोग किया जाएगा।

सुरक्षा एवं निगरानी के लिए निर्वाचन क्षेत्र को 7 जोन एवं 37 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के लिए 67 वीडियोग्राफर तैनात किए गए हैं। वहीं, 67 मतदेय स्थलों पर कुल 134 मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा।मतदान कार्मिकों, जोनल मजिस्ट्रेटों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं माइक्रो ऑब्जर्वरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी के लिए राजकीय नौरंगीलाल इंटर कॉलेज को निर्धारित किया गया है। निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के प्रथम तल पर कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। इसका दूरभाष नंबर 0571-2420141 है।बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी संगीता देवी, एसडीएम सदर गजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story