TRENDING TAGS :
Aligarh News: जेब में रखा मोबाइल अचानक फटा, फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय करीब 60% झुलसा
Aligarh News: अलीगढ़ के अतरौली में डिलीवरी के दौरान जेब में रखा मोटोरोला मोबाइल अचानक फट गया। हादसे में फ्लिपकार्ट डिलीवरी बॉय सचिन करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए। पुलिस ने मोबाइल के अवशेष कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Aligarh News
Aligarh News: अलीगढ़ के अतरौली-रामघाट रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब डिलीवरी के लिए निकले एक युवक की जेब में रखा मोबाइल फोन अचानक फट गया। धमाके के साथ फोन में आग लग गई, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना पंजाब नेशनल बैंक के सामने हुई।
जानकारी के अनुसार, अतरौली के ग्राम फजलपुर निवासी 24 वर्षीय सचिन पुत्र रमेश चंद्र फ्लिपकार्ट कंपनी में डिलीवरी बॉय हैं। रोज की तरह वह पार्सल लेकर डिलीवरी के लिए निकले थे। बताया गया कि जब वह रामघाट रोड स्थित पीएनबी के सामने पहुंचे, तभी उनकी पैंट की जेब में रखा मोटोरोला कंपनी का मोबाइल अचानक फट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़े लोग सहम गए। ब्लास्ट के साथ ही सचिन के कपड़ों में आग लग गई। दर्द से तड़पते हुए वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई और अतरौली कोतवाली पुलिस के साथ ही सचिन के परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सचिन को आनन-फानन में अतरौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि सचिन के शरीर के निचले हिस्से, पेट और जांघों पर गहरे जख्म हैं। जलने की वजह से वह बोलने की स्थिति में नहीं थे। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की गई।परिजनों के मुताबिक, इलाज के बाद डॉक्टरों ने बुधवार को सचिन को अस्पताल से छुट्टी दे दी। फिलहाल वह अपने घर फजलपुर में हैं, लेकिन अभी भी बोल नहीं पा रहे हैं। शरीर पर बैंडेज और दर्द के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।घटना के बाद क्षेत्र में मोबाइल ब्लास्ट को लेकर दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और लगातार चार्जिंग की वजह से फोन में विस्फोट हुआ होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि फोन के अवशेष कब्जे में ले लिए गए हैं और कंपनी से भी संपर्क किया जाएगा।फ्लिपकार्ट के स्थानीय हब मैनेजर ने कहा कि सचिन मेहनती कर्मचारी हैं और कंपनी उनकी हर संभव मदद करेगी।इस हादसे के बाद विशेषज्ञ एक बार फिर मोबाइल सुरक्षा को लेकर आगाह कर रहे हैं। उनका कहना है कि फोन को जेब में रखकर लंबे समय तक इस्तेमाल न करें, ओरिजिनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें और फोन गर्म होने पर उसे तुरंत बंद कर दें।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, पीड़ित परिवार मुआवजे की मांग कर रहा है।


