TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, 16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना अभियान
Aligarh News: अलीगढ़ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने जनगणना-2027 के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले स्व-गणना अभियान में पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
Aligarh News
Aligarh News: जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने जनपद के नागरिकों और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आगामी 16 नवंबर से शुरू होने वाले स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास और भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की सही और पूरी जानकारी दर्ज होना बेहद जरूरी है।
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकानों और परिवारों से संबंधित गणना का कार्य करेंगे। वहीं, 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण गणना की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
वर्तमान निवास स्थान पर ही कराएं अपनी गणना
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया है। कि वे अपनी गणना वर्तमान सामान्य निवास स्थान के आधार पर ही कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मी अपने मूल निवास या गृह जनपद के बजाय जिस स्थान पर वर्तमान में निवास कर रहे हैं, उसी स्थान पर अपनी और अपने परिवार की गणना सुनिश्चित करें। इससे दोहरी गणना की संभावना समाप्त होगी और कोई भी व्यक्ति जनगणना से वंचित नहीं रहेगा।
पुलिसकर्मी अपने आसपास के लोगों को भी करें जागरूक
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने पुलिस विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा है। कि वे स्वयं स्व-गणना अभियान में भाग लेने के साथ अपने अधीनस्थ कर्मचारियों, परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वाले नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान की जानकारी देकर उसकी सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
देश के विकास की योजनाओं का बनेगा आधार
अलीगढ एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के विकास, संसाधनों के बेहतर नियोजन और भविष्य में बनने वाली जनकल्याणकारी योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त सही आंकड़े सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों की योजना बनाने में मदद करते हैं।उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाले स्व-गणना अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और स्वयं के साथ अपने परिवार की सही जानकारी दर्ज कराएं। एसएसपी ने कहा कि जनगणना-2027 को सफल बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सकता है।


