अलीगढ़ के टप्पल में कवच सम्मेलन: 500 बच्चों को मिला सम्मान, नशे और मोबाइल से दूर रहने की अपील

Aligarh News: अलीगढ़ के टप्पल में आयोजित कवच सम्मेलन में 500 प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित किया गया। एसपी ममता कुरील ने बच्चों को नशे और मोबाइल की लत से बचने की अपील की।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 19 Nov 2026 4:33 PM IST
अलीगढ़ के टप्पल में कवच सम्मेलन: 500 बच्चों को मिला सम्मान, नशे और मोबाइल से दूर रहने की अपील
X

Aligarh News:-खैर/टप्पल बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, नशामुक्ति और उनके अधिकारों को लेकर चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑर्गनाइजेशन के तत्वावधान में अलीगढ़ जनपद के टप्पल ब्लॉक स्थित एक निजी फार्म वाटिका में जिला स्तरीय कवच एवं आत्मरक्षा जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 500 बच्चों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि एसपी ममता कुरील ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान बच्चों को बाल अधिकार, नशे के दुष्परिणाम, मोबाइल के सुरक्षित इस्तेमाल, आत्मरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एसपी ममता कुरील ने बच्चों को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और मोबाइल का इस्तेमाल सावधानी से करने की अपील की। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों को मोबाइल देने के बाद यह भी ध्यान रखें कि वह मोबाइल पर क्या देख रहे हैं, कौन-सी वीडियो चला रहे हैं, किससे बातचीत कर रहे हैं और इंटरनेट पर क्या सीख रहे हैं। आज के समय में मोबाइल बच्चों के जीवन का हिस्सा बन चुका है, लेकिन इसका अनियंत्रित इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और मानसिक विकास पर असर डाल सकता है। अभिभावक बच्चों के साथ समय बिताएं, उनसे बातचीत करें और उन्हें गलत ऑनलाइन गतिविधियों से बचने के लिए जागरूक करें।

500 बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑर्गनाइजेशन के प्रमुख अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संस्था कई वर्षों से बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए धरातल पर काम कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य बाल श्रम को समाप्त करना, बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनके अधिकार दिलाना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। कार्यक्रम में करीब 500 बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उनका कहना था कि प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने से अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। बच्चों को सम्मान मिलने से उनके चेहरे खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना की।

1098 और 112 हेल्पलाइन की दी जानकारी

सम्मेलन में बच्चों को राष्ट्रीय चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों ने बताया कि किसी बच्चे के साथ मुसीबत, उत्पीड़न, शोषण या असुरक्षा की स्थिति होने पर वह घबराए नहीं, बल्कि मदद के लिए तुरंत संपर्क करे। बच्चों को बताया गया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभाग उपलब्ध हैं। संस्था का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों तक भी हेल्पलाइन की जानकारी पहुंचे, क्योंकि कई बच्चों को अभी इन नंबरों के बारे में जानकारी नहीं है।

शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल पहुंचाने का संकल्प

अरुण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। आरटीई के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार प्राप्त है। संस्था ऐसे बच्चों को चिह्नित करने का प्रयास करती है जो आर्थिक तंगी, पारिवारिक परिस्थितियों या अन्य कारणों से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे बच्चों की मदद के लिए प्रशासन से समन्वय कर उनका स्कूलों में प्रवेश कराया जाता है, जिससे वह शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि देश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए, यही संस्था का संकल्प है।

नशे की गिरफ्त में जा रहे बच्चों को बचाने की पहल

सम्मेलन में बच्चों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए बताया गया कि नशा उनके स्वास्थ्य, भविष्य और परिवार को प्रभावित कर सकता है। संस्था प्रमुख ने कहा कि कम उम्र में बच्चे गलत संगत और गलत विचारों के कारण नशे की ओर आकर्षित हो सकते हैं। अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों, मित्रों और व्यवहार पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों से संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि वह किसी परेशानी में होने पर परिवार से खुलकर बात कर सकें। संस्था बच्चों को जागरूक करने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर काम करती है।

स्वास्थ्य और जरूरतमंद बच्चों की मददअरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर संस्था सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचाने और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर मदद कराने का प्रयास करती है। निजी अस्पतालों में उपचार का खर्च उठाने में असमर्थ परिवारों को सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए मार्गदर्शन दिया जाता है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाओं से भी जोड़ना है।

पांच से छह राज्यों में सक्रिय संस्था, 24 घंटे सहायता का दावा

संस्था प्रमुख के अनुसार चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑर्गनाइजेशन उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा सहित करीब पांच से छह राज्यों में अपनी कमेटियों के माध्यम से कार्य कर रही है। पीड़ित बच्चों और परिवारों की सहायता के लिए संस्था 24 घंटे सक्रिय रहने का दावा करती है। उन्होंने संस्था के हेल्पलाइन नंबर 97181-44918 तथा वेबसाइट CPO.ORG.IN के माध्यम से संपर्क करने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में एसपी ममता कुरील, खैर नगर पालिका अध्यक्ष संजय शर्मा, बाल कल्याण विभाग से वंदना शर्मा, महिला हेल्पलाइन टीम, पुलिस अधिकारी, मेडिकल टीम, संस्था के कार्यकर्ता, विद्यालय प्रबंधन और अभिभावक मौजूद रहे। संस्था प्रमुख ने बताया कि आगामी शिखर सम्मेलन अंबेडकरनगर जनपद में आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि अंतिम पंक्ति में खड़े उस बच्चे तक भी पहुंचना है, जो आज शिक्षा, सुरक्षा और अपने अधिकारों से अनजान है। हर बच्चे को सुरक्षित माहौल, शिक्षा और बेहतर भविष्य दिलाना ही संस्था का उद्देश्य है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story