Aligarh News: दादों में लाठी-डंडों और बंदूक से हमला, 10 आरोपी गिरफ्तार

Aligarh News: अलीगढ़ के दादों में लाठी-डंडों, ईंट-पत्थर और बंदूक से हमले के मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो की जांच जारी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 9 Nov 2026 4:58 PM IST
Aligarh News: दादों में लाठी-डंडों और बंदूक से हमला, 10 आरोपी गिरफ्तार
X

Aligarh News: जनपद के दादों थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान मारपीट, गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडों, ईंटों और बंदूक से एक-दूसरे पर हमला किया। इतना ही नहीं, जान से मारने की धमकी देने के साथ सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर थाना दादों में मुकदमा अपराध संख्या 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सात सीएलए एक्ट में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना दादों पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सोमेश, विकास, विपिन, रुपेश, ब्रजपाल, ब्रजेश, विजय, प्रशांत, मगन और महेश शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम अटा के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सोमेश के खिलाफ पूर्व में मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं रुपेश, मगन और महेश के खिलाफ भी पूर्व में अलग-अलग मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इस मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है। पुलिस घटना से संबंधित वीडियो का भी बारीकी से अवलोकन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में जिस किसी की भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।दादों पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए सभी 10 आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक रोहित सिंधू, मोहरपाल सिंह, अरविंद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story