Aligarh News: स्वास्थ्य व्यवस्था पर डीएम सख्त, 32 झोलाछाप डॉक्टरों पर FIR, 3 आशाओं को सम्मान

Aligarh News: अलीगढ़ में डीएम अविनाश कुमार ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। 32 झोलाछाप डॉक्टरों पर FIR और तीन आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 22 Aug 2026 7:56 PM IST
Aligarh News: स्वास्थ्य व्यवस्था पर डीएम सख्त, 32 झोलाछाप डॉक्टरों पर FIR, 3 आशाओं को सम्मान
X

Aligarh News

Aligarh News: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) की बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, संस्थागत प्रसव और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक की शुरुआत अच्छी खबर के साथ हुई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली तीन आशा कार्यकर्ताओं को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने मंच से सम्मानित किया। लोधा क्षेत्र के नीवरी की मिथलेश देवी, छर्रा क्षेत्र के बाईकला की सीमा देवी और गोंडा क्षेत्र के शाहपुर की कमलेश देवी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। डीएम ने कहा कि आशा कार्यकर्ता सरकार और गरीब जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं।बैठक में डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि जननी सुरक्षा योजना (JSY) के लाभार्थियों के लिए बजट प्राप्त हो गया है। इस पर डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र महिलाओं के खातों में सहायता राशि पहुंच जानी चाहिए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा स्तर से लेकर प्रसव तक प्रत्येक गर्भवती महिला का नियमित फॉलोअप किया जाए, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहें।

स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई का खुलासा भी बैठक में हुआ। डॉ. अमित ने बताया कि क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत 67 और पीसीपीएनडीटी एक्ट के तहत 79 निरीक्षण किए गए हैं। अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अब तक 32 मामलों में FIR दर्ज की जा चुकी है। डीएम ने कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिले में एक भी झोलाछाप डॉक्टर अवैध रूप से क्लिनिक संचालित करता नहीं मिलना चाहिए।बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। आरबीएसके के तहत 26 टीमें स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर रही हैं। अब तक 2,371 बच्चों को रेफर किया गया है। वहीं, जन्मजात बीमारियों से ग्रसित 15 बच्चों में से 12 की सफल सर्जरी हो चुकी है।जिला अस्पताल और महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की संख्या बढ़ाने तथा हेल्थ एटीएम को रोगी कल्याण समिति के माध्यम से संचालित रखने के निर्देश भी दिए गए।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 43,152 के लक्ष्य के सापेक्ष 42,000 से अधिक जांचें पूरी हो चुकी हैं। जुलाई में मलेरिया के केवल पांच मामले सामने आए हैं। वहीं, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 95 प्रतिशत सफलता दर के साथ 11,613 मरीजों का इलाज किया जा चुका है।अंत में जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरएन सिंह समेत सभी सीएमएस और चिकित्सक मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story