TRENDING TAGS :
Aligarh News: : हिंदी पत्रकारिता दिवस आज, ग्रामीण पत्रकार जिला अध्यक्ष बोले- कलम की ताकत से ही जागता है लोकतंत्र
Aligarh News: हिंदी पत्रकारिता दिवस पर ग्रामीण पत्रकार संघ ने पत्रकारों की भूमिका को सराहा, लोकतंत्र में कलम की ताकत पर दिया जोर।
Aligarh News
Aligarh News: हिंदी पत्रकारिता दिवस पर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद में आज उन कलम के सिपाहियों को सलाम किया गया जो जनता का दर्द सुनकर हुकूमत तक पहुंचाते हैं। यह दिन उन पत्रकारों की तपस्या को याद करने का है। जो अपनी निजी जिंदगी को पीछे छोड़कर समाज की आवाज बनते हैं।
अलीगढ़ ग्रामीण पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष सुखवीर शर्मा ने इस मौके पर कहा कि, "पत्रकार की सुबह घर से नहीं, फील्ड से शुरू होती है। बच्चों का टिफिन, घर की दवाई, त्योहार- सब कुछ पीछे छूट जाता है, पर फर्ज नहीं छूटता। गांव की टूटी सड़क हो, थाने में फरियादी की गुहार हो या अस्पताल में बेड के लिए भटकता मरीज, पत्रकार हर जगह मौजूद रहता है।"
उन्होंने कहा कि, पत्रकार लोगों की बुराई सुनता है, गालियां भी सुनता है, पर फिर भी उनके दुख को अपने कैमरे और कलम में उतारता है। सबसे बड़ी चुनौती खबर को असर तक पहुंचाना है। धूप में तीन घंटे खड़े होकर बाइट लेना, आधी रात तक फैक्ट चेक करना और फिर खबर को इस तरह लिखना कि वह फाइलों में दब न जाए, यह सब लगन मांगता है।
जिलाध्यक्ष सुखवीर शर्मा ने सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा, "कई बार डीएम खबर का संज्ञान लेकर 24 घंटे में कार्रवाई कर देते हैं। हैंडपंप सुधर जाता है, राशन मिल जाता है। लेकिन कई बार वही खबर महीनों विभागों के चक्कर काटती है। मंत्री प्रेस नोट जारी कर देते हैं, पर जमीन पर फर्क नहीं दिखता। यह पत्रकार के लिए सबसे बड़ी पीड़ा है।" उन्होंने अपील की है कि, हर खबर सिर्फ अखबार की सुर्खी न बने, समाधान की वजह बने। तभी लोकतंत्र में कलम की ताकत सार्थक होगी।


