Aligarh News: किसानों को 15 दिन में राहत देने के निर्देश, नहरों के टेल तक पहुंचेगा पानी

Aligarh News: अलीगढ़ में सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों को 15 दिन में राहत देने के निर्देश, नहरों के टेल तक पानी पहुंचाने और लापरवाह अधिकारियों पर जताई नाराजगी।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 12 Nov 2026 4:44 PM IST
Aligarh News: किसानों को 15 दिन में राहत देने के निर्देश, नहरों के टेल तक पहुंचेगा पानी
X

Aligarh News:-12 नवंबर विकास भवन सभागार में जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती विजय सिंह की अध्यक्षता में सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, नहरों की सफाई कराने और नहरों के अंतिम छोर यानी टेल तक पानी पहुंचाने सहित विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। जिला पंचायत प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और लंबित मामलों का 15 दिन के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक का संचालन अधिशासी अभियंता सिंचाई राजेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती विजय सिंह ने अधिशासी अभियंता मध्य गंगा नहर को निर्देशित किया कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नहरों में पानी का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय से पानी उपलब्ध कराया जाए, जिससे फसलों की सिंचाई प्रभावित न हो। उन्होंने नहरों की समुचित सफाई कराने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों का संचालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में नहरों में कुलाबों की व्यवस्था, नलकूपों की बंदी, राजकीय नलकूपों के संचालन और सिंचाई शुल्क निर्धारण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान नलकूप संख्या-134 धनीपुर की खराब मोटर का मामला प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि मोटर काफी समय से मरम्मत के लिए वर्कशॉप में लंबित पड़ी है। इस पर जिला पंचायत प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मोटर की मरम्मत कराकर नलकूप चालू कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए परेशान न होना पड़े।

किसान नेता चौधरी नवाब सिंह ने ग्राम बाबूपुर में बंदरों के आतंक का मुद्दा उठाते हुए ग्रामीणों को समस्या से निजात दिलाने की मांग की। हालांकि बैठक में वन विभाग का कोई सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं होने के कारण इस समस्या के समाधान पर प्रभावी चर्चा नहीं हो सकी। इस पर जिला पंचायत प्रशासक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित विभाग को पत्र जारी करने के निर्देश दिए।वहीं ग्राम सहारनपुर के एक किसान ने खेतों तक रास्ता उपलब्ध कराने की मांग रखी। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला राजस्व विभाग से संबंधित है। किसान को अपनी शिकायत तहसील दिवस में प्रस्तुत करने का सुझाव दिया गया।

अलीगढ जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती विजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिया, नहर, सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता सहित किसानों से जुड़ी सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए। बैठक में जिन मामलों का निस्तारण नहीं हो सका है, उन्हें 15 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से निस्तारित कर आगामी बैठक में लिखित प्रगति आख्या प्रस्तुत की जाए।बैठक में वन विभाग, निचली गंग नहर नरोरा खंड, जल निगम ग्रामीण, लोक निर्माण विभाग और ऊपरी गंगा मांट ब्रांच खुर्जा के सक्षम अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं से जुड़ी बैठकों में संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है, जिससे समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।बैठक में किसान नेता प्रमोद कुमार वर्मा, बच्चू सिंह, संतोष कुमार सहित विद्युत एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story