Aligarh News: दादों में रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग, पीआरवी जवानों की जांबाजी से टला बड़ा हादसा

Aligarh News: अलीगढ़ के दादों में खाना बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में लगी भीषण आग। पीआरवी-5311 के जवानों ने सूझबूझ से पाया काबू, बड़ा हादसा टला।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 1 Nov 2026 1:28 PM IST
Aligarh News:  दादों में रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग, पीआरवी जवानों की जांबाजी से टला बड़ा हादसा
X

Aligarh News:-दादों थाना क्षेत्र के गांव सरदार नगला में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में आग लगने की घटना सामने आई। समय रहते पीआरवी-5311 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया और एक बड़ी दुर्घटना को होने से बचा लिया। घटना की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को पीआरवी-5311 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोधा क्षेत्रांतर्गत गांव सरदार नगला में कॉलर के पड़ोसी के घर में खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए।

मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि सिलेंडर में बहुत तेज आग लगी हुई थी और घर में अफरा-तफरी का माहौल था। घरवालों ने बताया कि खाना बनाते समय अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पीआरवी कर्मियों ने तत्काल दादों थाना पुलिस और फायर सर्विस को सूचित किया और बिना देर किए खुद मोर्चा संभाल लिया।

पुलिसकर्मियों ने प्रशिक्षण के दौरान सिखाए गए तरीके का पालन करते हुए साहस का परिचय दिया। उन्होंने सबसे पहले सिलेंडर को आवासीय जगह से सुरक्षित बाहर निकाला ताकि आग घर में न फैले। इसके बाद सूझबूझ के साथ सिलेंडर में लगी आग को बुझाया गया। आग बुझाने के बाद पुलिसकर्मियों ने परिवार को समझाया कि इस सिलेंडर का दोबारा इस्तेमाल न करें और गैस एजेंसी को सूचित कर जांच के बाद ही नया सिलेंडर प्रयोग में लाएं।

पीआरवी जवानों की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल घर जलने से बच गया, बल्कि आसपास के घरों तक आग फैलने का खतरा भी टल गया। यदि समय पर पुलिस न पहुंचती तो बड़ी जनहानि भी हो सकती थी।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पीआरवी कर्मियों की बहादुरी और तत्परता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। लोगों का कहना है। कि पुलिस ने जिस तरह से जान जोखिम में डालकर आग बुझाई, वह काबिले तारीफ है।

इस सराहनीय कार्य को करने वाली पीआरवी-5311 की टीम में मुख्य आरक्षी 844 हृदय सिंह और होमगार्ड चालक रवेन्द्र सिंह शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने भी दोनों कर्मियों के कार्य की प्रशंसा की है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story