Aligarh News: मझोला में 10 दिन से बिजली गुल, महिलाओं ने गंगीरी विद्युत उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन

Aligarh News: मझोला गांव में 8 से 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान महिलाओं और ग्रामीणों ने गंगीरी विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Aug 2026 10:24 PM IST
Aligarh News: मझोला में 10 दिन से बिजली गुल, महिलाओं ने गंगीरी विद्युत उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन
X

Aligarh News

Aligarh News: भीषण गर्मी और उमस के बीच पिछले लगभग 8 से 10 दिनों से बिजली गुल होने से त्रस्त मझोला गांव की महिलाओं का सब्र आखिरकार टूट गया। मंगलवार को आक्रोशित महिलाओं और ग्रामीणों ने गंगीरी विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।गंगीरी क्षेत्र के मझोला गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से ही पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप है। दिन में 45 डिग्री से ऊपर तापमान और रात में उमस के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं ग्रामीण राजकुमारी देवी ने गुस्से में कहा, "लगभग 10 दिन से एक मिनट की भी बिजली नहीं आई। इन्वर्टर जवाब दे गए हैं और मोबाइल बंद पड़े हैं। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई और होमवर्क सब चौपट हो गया है। सबसे बड़ी दिक्कत पानी की है। मोटर नहीं चल रही है, इसलिए पीने के पानी के लिए एक किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत की, लेकिन विद्युत विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी।"

ग्रामीणों का आरोप है कि खराब ट्रांसफार्मर की सूचना देने के बाद विभाग ने आश्वासन तो दिया, लेकिन जमीन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही से नाराज होकर कस्तूरी देवी, मंजू देवी, सीमा देवी, पिंकी भारती, नन्ही, कमलेश, प्रीति, लाडो, राधा, पूनम, सुधा और ममता सहित दो दर्जन से अधिक महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर उपकेंद्र पहुंचीं। पुरुष ग्रामीण विजय और अन्य लोग भी उनके साथ थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होते ही उन्होंने विद्युत विभाग को लिखित शिकायत सौंप दी थी। प्रधान ने कहा, "हमने जेई और एसडीओ दोनों को अवगत कराया था। गांव में करीब 200 घर हैं। गर्मी में बीमार लोग भी परेशान हैं। रात में अंधेरे के कारण चोरी और सांप-बिच्छुओं का डर भी बना हुआ है।"प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे जूनियर इंजीनियर ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग को इस समस्या की जानकारी है और उच्चाधिकारियों से बात करके जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर मंगवाकर लगाया जाएगा। जेई ने कहा, "2 से 3 दिन के अंदर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।"

हालांकि, महिलाओं ने जेई के आश्वासन पर तुरंत भरोसा नहीं जताया। राजकुमारी देवी ने कहा, "पहले भी यही कहा गया था। अब लिखित में समय दीजिए, वरना हम कलेक्ट्रेट का घेराव करेंगे।"गांव में बिजली संकट के कारण छोटे दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। फ्रिज बंद होने से दूध-दही खराब हो रहा है और परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों का समय बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे में ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।अब देखना होगा कि विभाग इस बार अपना वादा निभाता है या मझोला के ग्रामीणों को गर्मी और अंधेरे में ही रहना पड़ेगा।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story