TRENDING TAGS :
Aligarh News: मिशन शक्ति-5 के तहत नारी सुरक्षा को मिली मजबूती, एंटी रोमियो टीमों ने बढ़ाई निगरानी
Aligarh News: मिशन शक्ति-5 के तहत अलीगढ़ में महिला सुरक्षा को लेकर अभियान तेज, एंटी रोमियो टीमें सार्वजनिक स्थलों पर सक्रिय।
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति अभियान-5 के द्वितीय चरण को तेज कर दिया गया है। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के उद्देश्य से गठित एंटी रोमियो टीमों व मिशन शक्ति टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी कड़ी कर दी है।महिला उत्पीड़न और छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए टीमें बाजारों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार भ्रमण कर रही हैं।
इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद कर उन्हें वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, यूपी-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181 की जानकारी दी जा रही है। साथ ही व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के टिप्स भी साझा किए जा रहे हैं। पुलिस ने अपील की है। कि किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
मिशन शक्ति फेज-5 के तहत थानों में तैनात महिला बीट अधिकारी और महिला सुरक्षा विशेष दल गांवों में जन चौपाल लगाकर जागरूकता फैला रहे हैं। स्कूल, कॉलेज, कस्बों और बाजारों में बालिकाओं से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है। दल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके मन में विश्वास का माहौल पैदा करना है।अलीगढ पुलिस का कहना है कि, अभियान का लक्ष्य केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि महिलाओं को सशक्त बनाकर उन्हें हर कदम पर सुरक्षित महसूस कराना है। एंटी रोमियो टीमों की सक्रियता से मनचलों और शोहदों में भी डर का माहौल बना है।


