Aligarh News: कचौड़ी-चमचम कराएगी मालामाल! 'एक जनपद एक व्यंजन' के तहत युवाओं को मिलेगा सस्ता कर्ज

Aligarh News: 'एक जनपद एक व्यंजन' योजना के तहत अलीगढ़ की कचौड़ी-चमचम युवाओं को बनाएगी मालामाल। अपना बिजनेस शुरू करने के लिए मिलेगा बेहद सस्ता कर्ज।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 8 Jun 2026 6:07 PM IST
Aligarh News
X

Aligarh News(Photo-Social Media)

Aligarh News: 8 जून 2026 अब अलीगढ़ की प्रसिद्ध कचौड़ी, डेयरी उत्पाद और इगलास की चमचम सिर्फ खाने के लिए नहीं, रोजगार देने के लिए भी मशहूर होगी। यूपी सरकार की 'एक जनपद एक व्यंजन योजना' से जिले के युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों के लिए स्वरोजगार का सुनहरा मौका आया है। सरकार अब इन पारंपरिक स्वादों को राष्ट्रीय ब्रांड बनाने के लिए बैंक से सस्ता कर्ज और अनुदान देगी।

उपायुक्त उद्योग सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि योजना का मकसद स्थानीय व्यंजनों को नई पहचान दिलाना और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। इसके तहत अलीगढ़ में डेयरी उत्पाद, कचौड़ी और इगलास की चमचम से जुड़ी नई इकाइयां लगाने, पुराने कारोबार को बढ़ाने या उसमें विविधता लाने पर बैंकों के जरिए अनुदानयुक्त वित्तीय सहायता मिलेगी। यानी कम ब्याज पर लोन और सरकार का सब्सिडी सपोर्ट। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की उम्र 18 साल या उससे ज्यादा होनी चाहिए। शर्त ये भी है। कि आवेदक किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफाल्टर न हो। साथ ही पहले प्रधानमंत्री रोजगार योजना, पीएमईजीपी, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना या किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ न लिया हो।

सूर्य प्रकाश यादव ने जिले के इच्छुक युवाओं, महिला उद्यमियों और पारंपरिक खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों से अपील की कि वे इस मौके को हाथ से न जाने दें। उन्होंने कहा कि ये योजना सिर्फ रोजगार नहीं देगी, बल्कि अलीगढ़ के स्वाद को ब्रांड बनाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करेगी। कचौड़ी-चमचम का नाम होगा तो बाहर से भी लोग खरीदने आएंगे।

योजना की पूरी जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए इच्छुक लोग किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, अलीगढ़ में संपर्क कर सकते हैं। अधिकारी वहां फॉर्म भरने से लेकर बैंक लोन तक की मदद करेंगे। अब कड़ाही गरम कीजिए, कारोबार शुरू कीजिए - सरकार आपके साथ है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story