TRENDING TAGS :
Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस ने जीते 12 गोल्ड समेत 14 पदक, एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने दिए इनाम
Aligarh News: अलीगढ़ पुलिस के जांबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 गोल्ड सहित 14 पदक जीते। एसएसपी ने विजेताओं को सम्मानित किया।
Aligarh News(Photo-Social Media)
Aligarh News: अपराधियों के खिलाफ मोर्चा संभालने वाली अलीगढ़ पुलिस ने अब खेल के मैदान में भी अपना परचम लहरा दिया है। फिरोजाबाद और बनारस में हुई पुलिस प्रतियोगिताओं में अलीगढ़ के जांबाजों ने ऐसा दम दिखाया कि मेडलों की झड़ी लगा दी। 12 गोल्ड मेडल समेत कुल 14 पदक जीतकर अलीगढ़ पुलिस ने पूरे जोन में डंका बजा दिया है।
16 जून से 18 जून 2026 तक जनपद फिरोजाबाद में 18वीं अंतर्जनपदीय आगरा जोन पुलिस क्लस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था, जिसमें पेंचक सिलाट, जूडो, वूशू और ताइक्वांडो की प्रतियोगिताएं हुईं। इसी के साथ बनारस में 18वीं उत्तर प्रदेश पुलिस प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। दोनों ही जगह अलीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
फिरोजाबाद में हुई प्रतियोगिता में महिला कांस्टेबल रमा नागर ने पेंचक सिलाट में गोल्ड मेडल जीता। अर्चना राजपूत ने वूशू में गोल्ड और जूडो में सिल्वर पर कब्जा किया। कविता रानी ने जूडो में गोल्ड, ज्योत्सना ने पेंचक सिलाट और ताइक्वांडो दोनों में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा। सोनू बालियान ने ताइक्वांडो में गोल्ड, कप्तान सिंह ने जूडो में गोल्ड और सुरेश राजपूत ने जूडो में सिल्वर मेडल जीता। इस प्रतियोगिता में अलीगढ़ की महिला टीम ने ताइक्वांडो और पेंचक सिलाट में चल वैजयंती पर भी कब्जा किया।
वहीं बनारस में हुई यूपी पुलिस प्रतियोगिता में भी अलीगढ़ का दबदबा रहा। रमा नागर ने यहां दो गोल्ड, ज्योत्सना ने एक गोल्ड, कविता रानी ने एक गोल्ड और सोनू बालियान ने ताइक्वांडो में एक गोल्ड मेडल जीता। इतना ही नहीं, थाना जवां में तैनात महिला आरक्षी सरला जादौन ने करनाल, हरियाणा में हुई तीसरी ऑल इंडिया पुलिस भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता में 57 किलो भार वर्ग की पावर लिफ्टिंग में रजत पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी को सम्मानित किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाली महिला उपनिरीक्षक सुनीता यादव को 25 हजार रुपये, उनकी कोच मुख्य आरक्षी मोनिका शर्मा को 20 हजार रुपये और महिला आरक्षी आंचल को 10 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया।
इसके अलावा मुख्य आरक्षी मोनिका शर्मा को कोच के रूप में उनके कुशल प्रशिक्षण के लिए 10 हजार रुपये का अलग से पुरस्कार दिया गया, जबकि सरला जादौन को 15 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि ये पदक सिर्फ मेडल नहीं, बल्कि अलीगढ़ पुलिस के जज्बे और अनुशासन की पहचान हैं।


