TRENDING TAGS :
Aligarh News : अलीगढ़ में बकरीद को लेकर पुलिस अलर्ट, ईदगाह पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
Aligarh News : अलीगढ़ में बकरीद को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी नगर ने ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश
Aligarh News
Aligarh News: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने मंगलवार 26 मई 2026 को थाना देहलीगेट क्षेत्र अंतर्गत शाहजमाल ईदगाह पहुंचकर ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की चेकिंग की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
यहां अलीगढ एसपी नगर आदित्य बंसल ने ईदगाह परिसर और आसपास के इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को ब्रीफ करते हुए कहा कि, त्योहार के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए। आम जनता से विनम्र व्यवहार करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जाए।
अलीगढ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बकरीद पर नमाज अदा करने आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए। ईदगाह के प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर ड्यूटी करने और फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद एसपी नगर आदित्य बंसल ने ईदगाह के आसपास पैदल गश्त भी की ताकि सुरक्षा व्यवस्था का जमीनी स्तर पर आकलन किया जा सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सम्यक चौधरी, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय धनंजय, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय सर्वम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम नरेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी छर्रा कमलेश कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने भी अपने अधीनस्थों को सख्त हिदायत दी कि त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखें और भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
अलीगढ़ पुलिस का कहना है कि बकरीद को लेकर सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स लगाई गई है। पीआरवी वाहनों की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहार को भाईचारे के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


