TRENDING TAGS :
Aligarh News: यूपी बोर्ड में 90% से अधिक अंक लाने वाले पुलिसकर्मियों के बच्चों का सम्मान
Aligarh News: अलीगढ़ में वामासारथी के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025-26 में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों के मेधावी बच्चों को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
Aligarh News:-वर्दी का अनुशासन और किताबों का जुनून जब साथ आ जाए तो नतीजे कमाल ही होते हैं। इसका जीता-जागता उदाहरण पेश किया अलीगढ़ पुलिस परिवार के होनहार बच्चों ने। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2025-26 में 90% से ज्यादा अंक लाकर इन्होंने न सिर्फ अपने माता-पिता का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे पुलिस विभाग का सिर भी गर्व से ऊंचा कर दिया।
आज दिनांक
06.06.2026 को पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में यूपी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन "वामासारथी" के तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती ममता कुरील ने 90% व उससे अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे भी इसी मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हाईस्कूल में परचम लहराने वालों में मु.आ. अरविंद कुमार की बेटी वैष्णवी यादव ने 98.2% अंक लाकर टॉप किया। वहीं आरक्षी सुनील कुमार की बेटी पलक यादव और मु.आ. राजीव कुमार की बेटी खुशी सिंह 94.2% अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं। मु.आ. जमील अहमद खां के बेटे मो. शालिक खान ने 93.8% और मु.आ. महिपाल सिंह की बेटी आयुषी ने 92.2% अंक हासिल किए। उ.नि. किताब सिंह की बेटी वंशिका, मु.आ. जितेंद्र कुमार की बेटी सुहानी, मु.आ. चालक मुकेश सोलंकी की बेटी वैष्णवी सोलंकी और नसीम अहमद की बेटी तबस्सुम ने भी 91% से ज्यादा अंक लाकर परिवार का नाम रोशन किया। इंटरमीडिएट में अनुचर श्रीमती सीमा देवी की बेटी कृष्णा सिंह ने 91.4% अंक लाकर अव्वल स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक अनुभव कुमार त्रिपाठी, उ.नि. भीमसेन, वामासारथी प्रभारी उ.नि.सर्वेश कुमार और बच्चों के अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


