Aligarh News: SSP का बड़ा एक्शन, 99 जगह छापे; 224 शराबी हिरासत में, 8 वाहन सीज

Aligarh News: अलीगढ़ में शराबियों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 99 जगह छापेमारी और 1065 संदिग्धों की चेकिंग; 224 लोग हिरासत में लिए गए।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 20 Aug 2026 2:22 PM IST
Aligarh News:  SSP का बड़ा एक्शन, 99 जगह छापे; 224 शराबी हिरासत में, 8 वाहन सीज
X

Aligarh News

Aligarh News: शराब पीकर सड़कों पर हुड़दंग और महिलाओं से छींटाकसी करने वालों के खिलाफ अलीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर जिले भर में रातभर सिविल कपड़ों में पुलिस ने अभियान चलाया। नतीजा: 99 स्थानों पर छापेमारी, 1065 संदिग्धों की चेकिंग और 224 शराबियों को हिरासत में ले लिया गया।

अलीगढ एसएसपी नीरज जादौन खुद रातभर जिले के हर थाना क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। उनका साफ मकसद था सार्वजनिक स्थानों, तिराहों, चौराहों और शराब की दुकानों के आसपास नशे में उत्पात मचाने वालों पर सीधी नजर रखना। इसी रणनीति के तहत पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में तैनात किए गए ताकि शराब पीकर रोड पर खड़े होकर राहगीरों, खासकर महिलाओं से बदतमीजी करने वालों को रंगे हाथ पकड़ा जा सके।

पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान जिले के 99 चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। इन जगहों पर कुल 1065 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में पाया गया कि इनमें से 224 लोग सार्वजनिक स्थानों पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे और नशे की हालत में अभद्रता कर रहे थे। सभी 224 लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी ने बताया कि इस तरह की घटनाएं न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए खतरा हैं। बल्कि आम जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी बड़ी समस्या बन गई थीं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह तय किया गया कि नशे में हुड़दंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 चार पहिया वाहन और 7 दोपहिया वाहनों को भी सीज किया। ये वाहन शराब पीकर लापरवाही से चलाए जा रहे थे और सड़क पर लोगों की जान को खतरा पैदा कर रहे थे। सीज किए गए वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।अलीगढ एसएसपी नीरज जादौन ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अगर कोई व्यक्ति शराब पीकर सार्वजनिक स्थानों पर उत्पात मचाता दिखे तो तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस की मंशा साफ है: अलीगढ़ की सड़कों को महिलाओं और आम लोगों के लिए सुरक्षित बनाना।रातभर चले इस अभियान से शराबियों में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस का कहना है। कि आगे भी सिविल कपड़ों में चेकिंग की जाएगी ताकि नशे में हुड़दंग करने की प्रवृत्ति पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ रिपोर्टरlakshmansingh@newstracksite.vocalwire.com

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story