TRENDING TAGS :
अलीगढ़ में पीईटी परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ग्रामीण ने लिया सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा
Aligarh News: यूपी पीईटी परीक्षा 2026 को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, एसपी ग्रामीण ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण।
Aligarh News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए अलीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।अलीगढ पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने ताला नगरी स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अलीगढ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने केंद्र पर तैनात पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास द्वार, बायोमेट्रिक चेकिंग और आसपास की यातायात व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र प्रभारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस कर्मियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। एसपी ने निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति का केंद्र परिसर के अंदर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाए। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में फोटो कॉपी की दुकानें और अनावश्यक भीड़ जमा न होने दी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग के लिए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर रहेगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने कहा कि अभ्यर्थियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले से केंद्रों पर पुलिस तैनाती सुनिश्चित की गई है। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा और गोपनीयता के लिए विशेष प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा दो पालियों में होगी, इसलिए दोनों पालियों के बीच केंद्र की पूरी तरह से चेकिंग की जाए। कोई भी संदिग्ध वस्तु या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण केंद्र के अंदर न ले जाया जाए। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।बता दें कि जिले के 39 परीक्षा केंद्रों पर आज से PET परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन करीब 38 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को दो-दो पालियों में आयोजित हो रही है। कुल 1.14 लाख अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
अलीगढ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सेक्टर, स्टेटिक और जोनल मजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र ने आमजन से अपील की है। कि परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


