TRENDING TAGS :
Aligarh News: निजी अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
Aligarh News: अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के जारोठ गांव स्थित एक निजी अस्पताल में 31 वर्षीय महिला विमलेश की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
Aligarh News
Aligarh News: स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अलीगढ़ मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर इगलास तहसील क्षेत्र के कौआखेड़ा गांव में स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।
पूरा मामला इगलास तहसील क्षेत्र के कौआखेड़ा गांव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 31 वर्षीय महिला विमलेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। हालत खराब होने पर परिजन उसे आनन-फानन में अलीगढ़-मथुरा रोड पर जारोठ गांव स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने पहुंचे।परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने महिला का समुचित इलाज नहीं किया।परिजन रिंकू कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने इलाज के नाम पर केवल खानापूर्ति की। उनके मुताबिक, न तो समय पर डॉक्टर पहुंचे और न ही उचित दवाएं दी गईं। परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल का स्टाफ समय रहते उचित कदम उठाने में नाकाम रहा। आखिरकार महिला ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया।महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजन अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।घटना की सूचना मिलते ही इगलास पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस मामले में सीओ इगलास संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानकों के विपरीत संचालित होने वाले कुछ निजी अस्पताल मरीजों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


