Aligarh:अब 200 वर्गमीटर भवनों में भी अनिवार्य होगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश

Aligarh News: अलीगढ़ में भूजल संकट से निपटने के लिए मण्डलायुक्त ने 200 वर्गमीटर तक के भवनों में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन सख्त कदम उठा रहा है।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 18 Jun 2026 7:01 PM IST
Aligarh:अब 200 वर्गमीटर भवनों में भी अनिवार्य होगा रेन वाटर हार्वेस्टिंग, मण्डलायुक्त ने दिए निर्देश
X

Aligarh News

Aligarh News: भूजल संकट से निपटने और वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने के उद्देश्य से मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण, प्रबंधन एवं संवर्धन की मण्डलीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।उन्होंने शासकीय भवनों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की सक्रियता की रिपोर्ट तलब करते हुए कहा कि केवल सिस्टम लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका नियमित संचालन और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मण्डलायुक्त ने अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) को निर्देश दिए कि वर्तमान में 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले भवनों पर लागू रेन वाटर हार्वेस्टिंग की अनिवार्यता को घटाकर 200 वर्गमीटर किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस व्यवस्था से जुड़ सकें और भूजल संरक्षण को बढ़ावा मिले।उन्होंने शिक्षा विभाग से सभी विद्यालयों एवं कार्यालयों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थिति की रिपोर्ट मांगी। वहीं, कोषागार को भी सरकारी भवनों में ऐसी व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।मण्डलायुक्त ने कहा कि शहर में एलईडी स्क्रीन, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और दीवार लेखन के माध्यम से जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
बैठक में भूगर्भ जल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अलीगढ़ का शहरी क्षेत्र अतिदोहित (ओवर एक्सप्लॉइटेड) जोन में शामिल है। इसलिए जल दोहन को नियंत्रित करने और वर्षा जल के अधिकतम रिचार्ज पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने भवनों में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की जांच कराएं और जो सिस्टम निष्क्रिय हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।बैठक में अपर आयुक्त दिग्विजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story