TRENDING TAGS :
Aligarh News: रोटा वायरस वैक्सीन की कमी खत्म, 20 हजार डोज से टीकाकरण अभियान तेज
Aligarh News: अलीगढ़ में रोटा वायरस वैक्सीन की कमी दूर हुई। 20 हजार डोज मिलने के बाद जिले में बच्चों का टीकाकरण अभियान फिर तेज हो गया।
Aligarh News
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। रोटा वायरस वैक्सीन की कमी अब दूर हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीन की आपूर्ति बहाल कर दी है। स्टॉक खत्म होने के बाद विभाग ने तत्काल राज्य मुख्यालय को सूचना भेजी थी, जिसके बाद अलीगढ़ के लिए 20 हजार डोज वैक्सीन उपलब्ध करा दी गईं।
अलीगढ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएन सिंह ने बताया कि 24 जून को जिले को रोटा वायरस वैक्सीन की 20 हजार डोज प्राप्त हुईं, जिसके बाद बिना देरी किए जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर जरूरत के हिसाब से वैक्सीन भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि अब जिले में राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान पूरी गति से चल रहा है। और सभी पात्र बच्चों को रोटा वायरस वैक्सीन का लाभ दिया जा रहा है। सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी बच्चा इस महत्वपूर्ण टीके से वंचित न रह जाए।
अलीगढ सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन की उपलब्धता पर लगातार नजर रखता है। किसी भी वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने से पहले ही उसकी आवश्यकता का आकलन कर शासन और मंडलीय अधिकारियों को मांग भेज दी जाती है, ताकि टीकाकरण अभियान में किसी तरह की रुकावट न आए।
रोटा वायरस वैक्सीन बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाती है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शासन की मंशा के अनुसार जिले के हर पात्र बच्चे तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। अब वैक्सीन की कमी के चलते कोई बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहेगा और जिले में बच्चों को सुरक्षित रखने का अभियान लगातार जारी रहेगा।


