Aligarh News: सरकार आपके द्वार" से गूंजा अलीगढ़, 7 दिन तक जनता की चौखट पर समाधान!

Aligarh News: अलीगढ़ में 7 दिवसीय "सरकार आपके द्वार" अभियान शुरू, जनसमस्या समाधान शिविरों में मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ।

Lakshman Singh Raghav
Published on: 8 Jun 2026 8:34 PM IST
Aligarh News:  सरकार आपके द्वार से गूंजा अलीगढ़, 7 दिन तक जनता की चौखट पर समाधान!
X

Aligarh News 

Aligarh News: 8 जून 2026 केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के जश्न को धरातल पर उतारते हुए अलीगढ़ जिले में सोमवार से "सरकार आपके द्वार" अभियान का धूमधाम से आगाज हो गया। अलीगढ जिलाधिकारी अविनाश कुमार और अपर जिलाधिकारी प्रशासन सौरभ भट्ट के निर्देश पर शुरू हुए इस 7 दिवसीय अभियान के तहत जिले की सभी नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में जनसमस्या समाधान शिविरों की बाढ़ आ गई। पहले ही दिन शिविरों में भीड़ उमड़ पड़ी।

अभियान 14 जून तक चलेगा। इसके तहत स्वास्थ्य, विद्युत, डूडा, श्रम, समाज कल्याण, महिला कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, बाल विकास, पुष्टाहार और पूर्ति विभाग के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया और शिकायतों का पंजीकरण कर त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी।

उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक ठाकुर रवेंद्रपाल सिंह, राजकुमार सहयोगी सहित और जनप्रतिनिधियों ने किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए लोगों से अपील की कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर बनाने में सब मिलकर हाथ बटाएं। अभियान का फोकस सिर्फ समस्या सुनने तक सीमित नहीं है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के तहत कूड़ा प्रबंधन, नागरिकों की जिम्मेदारी और प्लास्टिक निस्तारण पर भी जनजागरूकता चलाई जा रही है।

चंडौस में चला सफाई का तूफान

नगर पंचायत चंडौस में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई हुई। इसके बाद लगे शिविर में पेयजल, प्रकाश, सड़क और सफाई की शिकायतें सुनकर अधिकारियों को तुरंत निपटारे के निर्देश दिए गए।

मडराक में विधायक ने काटा फीता

नगर पंचायत मडराक के उच्च प्राथमिक विद्यालय में विधायक कोल अनिल पाराशर ने फीता काटकर और दीप जलाकर शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने जनसुनवाई कर आपूर्ति, विद्युत, पेयजल, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के आदेश दिए। वार्ड-2 दीनदयाल नगर की वाल्मीकि बस्ती में भी विशेष सफाई करके गार्बेज पॉइंट हटाए गए।मलिन बस्तियों और अस्वच्छ जगहों को चिन्हित कर रोज सफाई होगी। कुल मिलाकर "सरकार आपके द्वार" ने अलीगढ़ में सरकारी योजनाओं को जनता के बिल्कुल करीब ला दिया है।

Lakshman Singh Raghav
ABOUT THE AUTHOR

Lakshman Singh Raghav

अलीगढ़ से जिला रिपोर्टर लक्ष्मन सिंह राघव

Next Story